Sirsa Crime News: सिरसा शिव चौक पर युवक की हत्या का मामला, 48 घंटे में तीन मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुरानी रंजिश में बाइक सवार दोस्तों पर चाकुओं से किया था हमला
Sirsa Police: सरसा, (सच कहूँ/सुनील वर्मा)। शहर के शिव चौक पर पुरानी रंजिश के चलते चाकुओं से हमला कर युवक की हत्या करने के मामले में पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात के 48 घंटे के भीतर सीआईए और शहर थाना पुलिस की टीमों ने कार्रवाई करते हुए सैम कुमार, सन्नी कुमार निवासी सर्कुलर रोड और सक्षम वर्मा निवासी बेगू रोड को काबू किया है। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी।
शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि 27 अक्टूबर की रात बाइक सवार तीन दोस्तों पर शिव चौक के पास कुछ युवकों ने हमला कर दिया था। हमले में राहुल उर्फ फौजी और अरुण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। तीसरे दोस्त साहिल ने दोनों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया। बाद में परिजन उन्हें निजी अस्पताल ले गए। राहुल की हालत गंभीर होने पर उसे बठिंडा एम्स रेफर किया गया, जहां 28 अक्टूबर की देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, अरुण का सरसा के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
रास्ता रोककर चाकुओं से किए थे वार
पुलिस के अनुसार घायल अरुण कुमार निवासी चतरगढ़ पट्टी ने बयान में बताया कि वह राहुल और साहिल के साथ बाइक पर जा रहा था। शिव चौक के पास कीर्ति नगर निवासी सुजल और अन्य युवकों ने उनका रास्ता रोककर चाकुओं से हमला कर दिया। प्रारंभिक जांच में साहिल और सुजल के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। एसपी दीपक सहारण के निर्देश पर सीआईए और शहर थाना पुलिस की टीमें गठित की गई थीं। अरुण के बयान पर चार नामजद सहित आठ अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। पुलिस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
Comments