Women Cricket News: हरमनप्रीत-दीप्ति ने बनाएं ताबड़तोड़ रन, जिम्बाब्वे के सामने पहाड़ जैसा स्कोर

भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 6 विकेट खोकर बनाए 328 रन

Published On

वडोदरा, (सच कहूँ/एजेंसी)। IND vs ZIM ODI: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 328 रन बनाए। बीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में कप्तान हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने शतकीय पारियां खेलकर भारतीय पारी को मजबूती दी।

टॉस जीतकर भारत ने पहले बल्लेबाजी चुनी, लेकिन शुरुआत टीम के मुताबिक नहीं रही। कप्तान स्मृति मंधाना खाता खोले बिना आउट हो गईं, जबकि शेफाली वर्मा आठ रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। शुरुआती दो विकेट गिरने के बाद भारत का स्कोर 19 रन था। इस मुश्किल स्थिति में प्रतिका रावल और हरमनप्रीत कौर ने जिम्मेदारी संभाली।

दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 124 रन की साझेदारी हुई। प्रतिका ने 67 गेंदों पर 61 रन बनाए और भारतीय पारी को संभालने में अहम योगदान दिया। प्रतिका के आउट होने के बाद तेजल हसबनीस ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सकीं। वह तीन रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद हरमनप्रीत को दीप्ति शर्मा का साथ मिला और दोनों ने मिलकर जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर दबाव बनाया।

हरमनप्रीत का शतक, मिताली राज का रिकॉर्ड पीछे

हरमनप्रीत कौर ने 121 गेंदों पर 126 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी बल्लेबाजी के दौरान 15 चौके लगाए। यह उनके वनडे करियर का आठवां शतक रहा। इस उपलब्धि के साथ हरमनप्रीत भारतीय महिला क्रिकेट में वनडे शतकों के मामले में मिताली राज से आगे निकल गईं। मिताली ने अपने एकदिवसीय करियर में सात शतक लगाए थे। हरमनप्रीत का यह शतक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में करीब 15 महीने बाद आया। उनकी पारी ने भारतीय टीम को शुरुआती झटकों से उबरकर मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई।

दूसरे छोर पर दीप्ति शर्मा ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्होंने 83 गेंदों में चौका लगाकर अपना दूसरा वनडे शतक पूरा किया। दीप्ति 86 गेंदों पर 106 रन बनाकर नाबाद रहीं। उनकी पारी में 15 चौके शामिल रहे। हरमनप्रीत और दीप्ति के बीच पांचवें विकेट के लिए 153 रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी ने भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

ऋचा घोष सात रन बनाकर आउट हुईं, जबकि सायली सतघरे तीन रन बनाकर नाबाद रहीं। भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवर में छह विकेट खोकर 328 रन बनाए। जिम्बाब्वे की ओर से नोमवेलो सिबांडा ने दो विकेट हासिल किए। तेन्दई मकुशा और मिशेल मावुंगा को एक-एक सफलता मिली। भारतीय टीम की मजबूत बल्लेबाजी के बाद मुकाबले में जिम्बाब्वे के सामने 329 रन का लक्ष्य रहा।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts