शिक्षा और रोजगार
Moga Road Accident: बस-मोटरसाईकिल की टक्कर में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत
मोगा-जालंधर हाईवे पर हुआ भीषण सड़क हादसा
मोगा, सच कहूूँ/विक्की कुमार। Moga Road Accident: मोगा-जालंधर रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में गुरविन्द्र कौर (38) निवासी गांव पंडोरी अराइयां और उसके भतीजे गुरविन्द्र सिंह (21) निवासी गांव हिरदेवाला, जीरा की मौत हो गई, जबकि गुरविन्द्र कौर का मासूम बेटा गुरसाहिब सिंह (8) इस हादसे में घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर सड़क सुरक्षा फोर्स के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मृतकों व घायल बच्चे को सिविल अस्पताल मोगा पहुंचाया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना धर्मकोट के प्रभारी इंस्पेक्टर जतिन्द्र सिंह ने बताया कि गांव पंडोरी अराइयां निवासी गुरविंदर कौर अपने भतीजे गुरविन्द्र सिंह के साथ बच्चे को लेकर मोटरसाइकिल पर धर्मकोट में सामान खरीदने आ रही थी। जब वे हाईवे पर बने पुल के नीचे से गुजरने लगे तो तेज रफ्तार बस की चपेट में आ गए। इस हादसे में दोनों की मौत हो गई, जबकि बच्चा घायल हो गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों के परिजनों के बयानों के आधार पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। मामले की आगे की जांच एएसआई इंद्रजीत सिंह कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि दोनों मृतकों के शवों का सिविल अस्पताल मोगा में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है। हादसे में मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
Comments