BJP Protest March: कांग्रेस के खिलाफ भाजपा ने निकाली 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' पदयात्रा
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर लोकतंत्र को कमजोर करने के लगाए आरोप
Congress-BJP Dispute: हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। कांग्रेस की ओर से अराजकता का माहौल बनाकर सरकार के कामकाज को बाधित करने के प्रयासों के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को टाउन में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा निकाली। यात्रा प्रभारी सुरेन्द्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में पदयात्रा सेंट्रल पार्क से रवाना होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। इसमें भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक, जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी, जुगल किशोर गौड़, मुरलीधर सोनी, नितिन बंसल सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

यात्रा प्रभारी सुरेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि कांग्रेस ने पूर्व में देश पर आपातकाल थोपकर लोकतंत्र पर हमला किया था। आज भी कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेशी ताकतों और कॉरपोरेट समूहों के सहयोग से देश की मजबूत सरकार को अस्थिर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत के निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। पूर्व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए बूथ कैप्चरिंग से लेकर चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त करने तक के काम किए। उन्होंने 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद निर्दोष सिखों के साथ हुए अमानवीय व्यवहार का उल्लेख करते हुए तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के 'जब बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है' बयान पर भी कांग्रेस को घेरा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कुचलने का काम किया है। भाजपा लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी तथा एक नवंबर को प्रस्तावित प्रदर्शनों के विरोध में भी आवाज उठाएगी। भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी ने कहा कि दिल्ली में जेन-जी और विपक्ष के नाम पर अराजकता का माहौल बनाने के प्रयास हो रहे हैं, जिसे देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने आमजन से लोकतंत्र में विश्वास बनाए रखने और अराजकता फैलाने वाले प्रयासों का विरोध करने की अपील की।
Comments