शिक्षा और रोजगार
कारों के शीशे तोड़कर चोरी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा, दो सगे भाई गिरफ्तार
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान व जम्मू-कश्मीर में करीब एक दर्जन वारदातें कबूलीं
सरसा, सच कहूँ/सुनील वर्मा। sirsa News: खड़ी कारों के शीशे तोड़कर अंदर रखा सामान चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का सिरसा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एबीटी स्टाफ की टीम ने गिरोह के दो सदस्यों को पंजाब के बठिंडा से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी सगे भाई हैं। पुलिस पूछताछ में दोनों ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर समेत अलग-अलग राज्यों में करीब एक दर्जन वारदातें करना कबूल किया है। डीएसपी मुख्यालय सुखवीर सिंह ने बताया कि 16 अक्तूबर को बरनाला रोड स्थित अग्रवाल कॉलोनी निवासी विकास कुमार की टोयोटा कार को निशाना बनाया गया था।
विकास कुमार कपास मंडी में अपने दोस्त की दुकान पर गए थे। दोपहर करीब 3 बजे लौटे तो कार का साइड शीशा टूटा मिला। जांच करने पर कार से 7.75 लाख रुपए नकद, मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज गायब मिले। शिकायत पर थाना शहर सिरसा में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसपी दीपक सहारन के निर्देश पर एबीटी स्टाफ और शहर थाना पुलिस की विशेष टीमें गठित की गईं। जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बठिंडा में दबिश देकर कबीर और सुमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी मूल रूप से तमिलनाडु के गुंटूर शहर के रहने वाले हैं और हाल में बठिंडा में रह रहे थे। पूछताछ में उन्होंने कारों के शीशे तोड़कर चोरी करने की कई वारदातें कबूली हैं। डीएसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान चोरी की रकम की बरामदगी के साथ गिरोह के अन्य सदस्यों, नेटवर्क और दूसरी वारदातों के बारे में पूछताछ की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में चोरी की कई अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।
Comments