शिक्षा और रोजगार
Farmer News: आसमान से बरसी आफत ने किसानों के सपनों को किया चूर-चूर, 3265 एकड़ धान बर्बाद
रानियां के पांच गांवों में मुआवजे के लिए आवेदन का आखिरी मौका आज
Farmer News: सरसा(सच कहूँ/सुनील वर्मा)। आसमान से बरसी आफत ने सरसा के किसानों की कमर तोड़ दी है। 24 अक्तूबर को हुई बारिश और ओलावृष्टि से खेतों में पककर तैयार खड़ी धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। कई खेतों में फसल जमीन पर बिछ गई, जबकि कई जगह बालियों में दाना खराब होने से पैदावार पर असर पड़ा है। जिला प्रशासन की रिपोर्ट के मुताबिक सरसा और रानियां तहसील के 9 गांवों में करीब 3265 एकड़ धान की फसल प्रभावित हुई है। इनमें तीन गांव ऐसे हैं, जहां 70 से 80 प्रतिशत तक फसल बर्बाद होने का अनुमान है।
इस बीच प्रभावित किसानों के पास नुकसान का मुआवजा पाने के लिए दावा दर्ज करवाने का आज आखिरी मौका है। क्षतिपूर्ति पोर्टल 3 नवंबर तक खुला रहेगा। मंगलवार को आवेदन का अंतिम दिन है। ऐसे में जिन किसानों की फसल खराब हुई है, उन्हें आज ही पोर्टल पर नुकसान का विवरण दर्ज करवाना होगा। जिला प्रशासन ने 28 और 29 अक्तूबर को सरकार को पत्र भेजकर प्रभावित गांवों के लिए पोर्टल खुलवाने की मांग की थी।
तीन गांवों में 70 से 80 फीसदी तक फसल चौपट
प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार सरसा तहसील के भरोखां गांव में सबसे ज्यादा करीब 900 एकड़ धान की फसल प्रभावित हुई है। यहां नुकसान 70 से 80 प्रतिशत तक आंका गया है। बरूवाली-1 और दड़बी में भी 300-300 एकड़ फसल को नुकसान पहुंचा है। इन दोनों गांवों में भी 70 से 80 प्रतिशत तक फसल खराब होने का आकलन किया गया है। बाबा भूमण शाह (संगर सरिस्ता) गांव में 60 एकड़ फसल प्रभावित हुई है, जहां करीब 30 प्रतिशत नुकसान बताया गया है।
रानियां के 5 गांवों में 1705 एकड़ में नुकसान
ओलावृष्टि की मार रानियां क्षेत्र के किसानों पर भी पड़ी है। यहां रानियां गांव में 155 एकड़ में 25 से 74 प्रतिशत तक नुकसान हुआ है। नानुआना और सुल्तानपुरिया में 500-500 एकड़ धान की फसल प्रभावित हुई है। इन गांवों में नुकसान 25 से 50 प्रतिशत तक आंका गया है। वहीं मोहम्मदपुरिया में 250 एकड़ और फतेहपुरिया में 300 एकड़ फसल को नुकसान पहुंचा है। इन दोनों गांवों में 50 से 75 प्रतिशत तक फसल खराब होने का अनुमान है।
288 किसानों की रिपोर्ट दर्ज, अधिकारियों के पास ब्योरा लंबित
31 अक्तूबर को तैयार तहसीलवार रिपोर्ट के अनुसार सरसा और रानियां तहसील के 9 गांवों के 288 किसानों की 1179.95 क्षेत्रफल की रिपोर्ट दर्ज की गई है। रिपोर्ट में पटवारी, कृषि विकास अधिकारी और सीआरओ स्तर पर इतनी ही क्षेत्रफल की रिपोर्ट लंबित दिखाई गई है। हालांकि एसडीएम और उनसे ऊपर के अधिकारियों के स्तर पर कोई क्षेत्रफल लंबित नहीं है। दूसरी ओर डीसी की ओर से सरकार को भेजी गई गांववार रिपोर्ट में 9 गांवों के करीब 3265 एकड़ प्रभावित क्षेत्र का उल्लेख किया गया है।
Comments