Cyber Fraud Alert: दिवाली पर ऑनलाइन शॉपिंग में भारी डिस्काउंट का लालच पड़ सकता है भारी

यूपीआई पिन और ओटीपी साझा न करने की अपील

Published On

Cyber Fraud Alert: सरसा (सच कहूँ/पवन कुमार)। दिवाली पर ऑनलाइन शॉपिंग में भारी डिस्काउंट और सस्ते सामान का लालच लोगों की जेब पर भारी पड़ सकता है। त्योहारी सीजन में साइबर ठग भी सक्रिय हो जाते हैं और नामी कंपनियों के नाम पर फर्जी वेबसाइट, विज्ञापन और लिंक भेजकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। इसे लेकर सरसा के पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने एडवाइजरी जारी कर आमजन को ऑनलाइन खरीदारी के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

एसपी ने बताया कि फेस्टिव सेल के दौरान कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान और घरेलू उपकरणों पर भारी छूट के विज्ञापन दिखाकर लोगों को आकर्षित किया जाता है। ठग नामी कंपनियों जैसी दिखने वाली नकली वेबसाइट बनाकर लोगों को धोखा दे सकते हैं। वहीं, व्हाट्सएप और मोबाइल मैसेज के जरिए गिफ्ट, कैशबैक और सस्ते सामान का लालच देकर लिंक भेजे जाते हैं। ऐसे लिंक पर क्लिक करने से निजी जानकारी चोरी होने के साथ बैंक खाते से रकम भी निकाली जा सकती है।

पुलिस के अनुसार, ऑफर रद्द करवाने या रिफंड दिलाने के नाम पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर के जरिए भी ठगी की जाती है। कई बार ठग मोबाइल में एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर साइबर धोखाधड़ी को अंजाम देते हैं। पैसे वापस भेजने के बहाने यूपीआई पिन डलवाने की कोशिश भी की जाती है। एसपी ने स्पष्ट किया कि पैसे प्राप्त करने के लिए यूपीआई पिन डालने की जरूरत नहीं होती।

आधिकारिक ऐप से ही करें खरीदारी

एसपी ने लोगों से अपील की कि ऑनलाइन खरीदारी हमेशा आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से ही करें। अनजान लिंक पर क्लिक न करें और ओटीपी, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी व यूपीआई पिन किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं। 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts