Kairana Road Accident: रॉंग साइड जा रहे थ्री-व्हीलर ने बाइक सवार को रौंदा, मौत

नेशनल हाइवे-709एड़ी पर स्थित गांव मवी के सामने बने अंडरपास के निकट हुआ दर्दनाक हादसा

Published On

कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana Road Accident: नेशनल हाइवे-709एड़ी पर रॉंग साइड जा रहे थ्री-व्हीलर ने पानीपत की ओर से आ रहे बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में घायल हुए बाइक सवार युवक की उपचार के लिए मेरठ ले जाते वक्त दर्दनाक मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में हाहाकार मचा है। कैराना कस्बे के मोहल्ला गुलशन नगर निवासी इंतजार अहमद(40) गुरुवार देर शाम अपनी बुआ को हरियाणा के जिला पानीपत के गांव गढ़ी बेसक में छोड़कर बाइक से घर वापिस लौट रहा था।

जैसे ही वह राष्ट्रीय राजमार्ग-709एड़ी पर गांव मवी के सामने बने अंडरपास के निकट पहुंचा, तभी विपरीत दिशा से रॉंग साइड जा रहे तेज रफ्तार थ्री-व्हीलर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक बुरी तरह घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी चालक थ्री-व्हीलर समेत मौके से फरार हो गया। मामले की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे तथा घायल इंतजार को उपचार के लिए शामली के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां पर हालत गम्भीर होने के चलते चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। बाद में मेरठ ले जाते समय युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे एक बेटा, दो बेटियां और पत्नी को छोड़कर गया है।परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्यवाही के ही मृतक के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। शुक्रवार को मदरसा इशाअतुल इस्लाम में मृतक इंतजार अहमद की नमाज-ए-जनाजा अदा की गई, जिसे मोहतमिम मौलाना बरकतुल्ला अमीनी ने अदा कराया। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने शिरकत कर मरहूम के लिए मगफिरत की दुआ की और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। वहीं, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने हादसे में युवक की मौत से अनभिज्ञता जताई है।

 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts