UP News: यूपी में तीसरी बार BJP सरकार बनी तो लागू करेंगे UCC, अमित शाह के ऐलान पर अखिलेश यादव का तंज
लखनऊ में बीजेपी कार्यसमिति की बैठक में बोले केंद्रीय गृहमंत्री- उत्तर प्रदेश में भाजपा को कोई नहीं हिला सकता, कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान
लखनऊ। UP News: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर बड़ा बयान दिया है। लखनऊ में भाजपा कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि देश के कई राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू हो चुकी है। यदि उत्तर प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनती है तो यहां भी यूसीसी लागू किया जाएगा।
अमित शाह के इस बयान पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा, ''बड़ी देर कर दी, मेहरबां आते-आते।'' उनके इस बयान के बाद यूसीसी को लेकर सियासी चर्चा और तेज हो गई है।
यूसीसी को लेकर क्या बोले अमित शाह?
अमित शाह ने कहा कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू है और अन्य राज्यों में भी इसे लागू करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मतदाताओं से भाजपा को तीसरी बार सत्ता में लाने की अपील करते हुए कहा कि सरकार बनने पर यहां भी यूसीसी लागू किया जाएगा।
'उत्तर प्रदेश में भाजपा अंगद का पैर है'
बैठक में अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा अंगद का पैर है, जिसे कोई हिला नहीं सकता। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अर्जुन की तरह लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने और आगामी चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
शाह ने पार्टी के पिछले चुनावी प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि संगठन मजबूत होने के बाद भाजपा ने 2014 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में 41 प्रतिशत वोट के साथ 73 सीटें हासिल की थीं। वहीं, 2017 के विधानसभा चुनाव में करीब 40 प्रतिशत वोट के साथ पार्टी ने 312 सीटें जीती थीं।
योगी सरकार की तारीफ, सपा पर साधा निशाना
केंद्रीय गृहमंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कठोर शासन के जरिए उत्तर प्रदेश को माफियाओं से मुक्त करने का काम किया गया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ फिर सरकार बनाएगी और कार्यकर्ताओं को किसी तरह की दुविधा में रहने की जरूरत नहीं है।
इस दौरान शाह ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अगले 30 वर्षों तक सपा की सरकार नहीं बनेगी। अमित शाह के इस बयान और यूसीसी के ऐलान ने प्रदेश की चुनावी राजनीति में नए मुद्दे को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
Comments