Bundi News: बूंदी में विधायक अशोक चांदना और समर्थकों पर मामला दर्ज
पंचायत समिति नैनवा में प्रधान चुनाव में राजकार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप
Ashok Chandna Case: बूंदी (सच कहूँ/गुरजंट धालीवाल)। बूंदी के पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि पंचायत समिति नैनवां के प्रधान पद के चुनाव के दौरान पंचायत समिति के सामने बैरिकेडिंग पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ कथित रूप से अभद्रता, धक्का-मुक्की और डराने-धमकाने का मामला सामने आया है। इस मामले में हिंडोली-नैनवां विधायक अशोक चांदना और उनके समर्थकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, करवर थाना प्रभारी सहदेव सिंह पुलिस जाप्ते के साथ पंचायत समिति नैनवां के सामने चुंगी नाका नैनवां की ओर बैरिकेडिंग पर ड्यूटी कर रहे थे। इस दौरान पुलिसकर्मी पंचायत समिति से देई रोड पर आने-जाने वाले वाहनों को रोकने का कार्य कर रहे थे।
आरोप है कि इसी दौरान विधायक अशोक चांदना अपनी टीम के साथ वहां पहुंचे। उनके साथ हंसराज गुर्जर निवासी बोरदा, सद्दाम हुसैन निवासी नैनवां, तुलसीराम सांगोदा निवासी देई, आशुतोष नागर निवासी नैनवां, साहिद खान निवासी नैनवां और बलराम उर्फ बाबा गुर्जर निवासी नैनवां सहित 5-6 अन्य व्यक्ति भी मौजूद थे।
पुलिस के अनुसार, उक्त लोगों ने ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों को कथित रूप से डराया-धमकाया, अभद्रता की और धक्का-मुक्की की। साथ ही बैरिकेडिंग को जबरन ऊंचा कर वाहन सहित पंचायत समिति परिसर में प्रवेश करने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया।
घटना का एक वीडियो भी प्रसारित हो रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस घटना के संबंध में प्रकरण संख्या 371/2026 दर्ज किया गया है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 121(1), 132 और 189(2) तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2)(VA) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले का अनुसंधान जयपुर स्थित पुलिस मुख्यालय की अपराध शाखा (सीआईडी-सीबी) द्वारा किया जाएगा।
Comments