Team India News: टेस्ट क्रिकेट में पहली बार भारतीय बल्लेबाजों ने किया ऐसा कमाल

एक पारी में शुरुआती 7 विकेट के लिए की 50+ रन की साझेदारियां

Published On

Team India Test Record: वेलिंग्टन (सच कहूँ डेस्क/एजेंसी)। भारत और न्यूजीलैंड के बीच बेसिन रिजर्व में जारी टेस्ट मुकाबले में भारतीय टीम ने चौथे दिन अपनी पकड़ बेहद मजबूत कर ली। टीम इंडिया ने पहली पारी में 9 विकेट पर 720 रन बनाकर पारी घोषित की। इस दौरान भारतीय बल्लेबाजों ने साझेदारियों का ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जो टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहले कभी देखने को नहीं मिला था।

भारतीय पारी की सबसे खास उपलब्धि शुरुआती सात विकेटों के लिए हुई साझेदारियां रहीं। टीम के बल्लेबाजों ने हर विकेट के गिरने के बाद भी रन बनाने की रफ्तार बनाए रखी। यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए 130 रन जोड़े। इसके बाद राहुल और देवदत्त पडिक्कल ने दूसरे विकेट के लिए 165 रन की बड़ी साझेदारी की।

तीसरे विकेट के लिए केएल राहुल और शुभमन गिल ने 91 रन बनाए। वहीं, गिल और ऋषभ पंत ने चौथे विकेट के लिए 100 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। पंत ने अंशुल कंबोज के साथ पांचवें विकेट के लिए 68 रन और ध्रुव जुरेल के साथ छठे विकेट के लिए 75 रन की साझेदारी की। इसके बाद जुरेल और वॉशिंगटन सुंदर ने सातवें विकेट के लिए 54 रन जोड़े।

भारत ने इस पारी में 700 रन का आंकड़ा पार करके टेस्ट क्रिकेट में पांचवीं बार यह उपलब्धि हासिल की। इस मामले में टीम ने इंग्लैंड को पीछे छोड़ दिया, जिसने चार बार 700 या इससे अधिक रन बनाए हैं। श्रीलंका सात बार इस आंकड़े तक पहुंचकर सूची में सबसे आगे है। चौथे दिन ऋषभ पंत भारतीय पारी के प्रमुख बल्लेबाज रहे। उन्होंने 153 गेंदों पर 128 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। ध्रुव जुरेल ने भी शानदार योगदान देते हुए 79 गेंदों पर 78 रन बनाए।

अंशुल कंबोज ने 38 और वॉशिंगटन सुंदर ने 24 रन बनाकर टीम के स्कोर को 720 तक पहुंचाने में मदद की। भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में कुल 14 छक्के लगाए। अब मुकाबले में टीम इंडिया की नजर इस मजबूत स्कोर का फायदा उठाकर न्यूजीलैंड पर दबाव बनाए रखने पर होगी।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts