प्रदेश में अपराध चरम सीमा पर, कानून व्यवस्था पर सरकार का नहीं कोई कंट्रोल : भूपेन्द्र सिंह हुड्डा

पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार पर साधा निशाना, बोले, बीजेपी ने खिलाड़ियों से छीना उच्च पदों पर नियुक्ति का अधिकार

Published On

रोहतक, 28 नवंबर। जिले के गांव किलोई स्पोर्टस प्रमोशन क्लब द्वारा बास्केटबॉल और कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने बतौर मुख्यअतिथि शिरक्त की। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे व अपराध से बचने के लिए खेल सबसे प्रभावी जरिया है। साथ ही खेलों में हासिल की गई उपलब्धियां युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने में सहायक बनती हैं। आज दुनिया में वही देश प्रगति कर रहे हैं, जो खेलों में आगे बढ़ रहे हैं। खेलों का स्तर भी आज किसी देश के विकसित होने का एक महत्वपूर्ण पैमाना बन गया है। इसीलिए वो संस्थाएं बधाई की पात्र हैं, जो खेलों को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन करती हैं और युवाओं को शारीरिक गतिविधियों से जोड़ती हैं।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि खिलाड़ियों को सम्मान और इनाम देने में सरकार को किसी भी तरह की कोताही नहीं बरतनी चाहिए, लेकिन बीजेपी ने कांग्रेस की पदक लाओ, पद पाओ नीति बंद करके खिलाडियों को डीएसपी जैसे उच्च पदों पर नियुक्ति के अधिकार से वंचित कर दिया। इतना ही नहीं कांग्रेस कार्यकाल में डीएसपी बने खिलाड़ियों को आज तक सरकार ने पदोन्नति तक नहीं दी। कई पदकवीर खिलाड?िों को एचसीएस और एचपीएस के पदों पर नियुक्ति के लिए आठ वर्ष तक अदालत में संघर्ष करना पड़ा।

भाजपा सरकार ने उन्हें उनके पद, सम्मान और हक से वंचित रखने के लिए हर संभव प्रयास किया, लेकिन अंतत: पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के फैसले से इन खिलाडियों को उनका हक मिला। पिछले कई साल में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिसने भाजपा की खेल और खिलाड़ी विरोधी मानसिकता को उजागर किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल के दौरान गांवों में सैकड़ों खेल स्टेडियम बनाए गए थे, लेकिन बीजेपी ने उनका रख-रखाव तक ढंग से नहीं किया।

कांग्रेस द्वारा शुरू की गई स्कूली स्तर की खेल प्रतियोगिता स्पैट को भी बीजेपी ने बंद कर दिया। खेलो इंडिया के बजट से हरियाणा को मात्र 3 प्रतिशत हिस्सा मिला है, जबकि खेलों में सबसे ज्यादा पदक हरियाणा के खिलाड़ी लाते हैं। इन तमाम बातों से स्पष्ट है कि वो हरियाणा के युवाओं को खिलाड़ी नहीं, नशेड़ी और अपराधी बनाना चाहती है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि आज अपराध इस कद्र बढ़ गया है कि हरियाणा में 60-80 गैंग सक्रिय हैं।

रोहतक में हुई 4 युवाओं की हत्या ने फिर साबित कर दिया है कि कानून व्यवस्था पर सरकार का कोई कंट्रोल नहीं है। पूरा प्रदेश अपराधियों के हवाले कर दिया गया और वो बेखौफ होकर अपने मंसूबों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने युवा पीढी को नशे से दूर रहने का भी आह्वान किया। इस अवसर पर विधायक भारत भूषण बतरा, पूर्व मंत्री सुभाष बतरा, प्रो. वीरेन्द्र सिंह, कुलदीप केडी व बलवान सिंह रंगा भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। 

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts