Sirsa News: कालुआना पुल के नजदीक पानी में तैरता मिला दो दिन से लापता 60 वर्षीय हरबंस लाल का शव

अबूबशहर के पास नहर में लगाई थी छलांग

Published On

Harbans Lal Missing Case: गोरीवाला, 25 अक्तूबर (सच कहूँ/अनिल)। राजस्थान कैनाल में दो दिन से लापता 60 वर्षीय हरबंस लाल का शव रविवार को कालुआना पुल के पास बरामद हुआ। अबूबशहर के नजदीक नहर में छलांग लगाने के बाद से ही पुलिस और गोताखोर उसकी तलाश में जुटे थे। रविवार सुबह शव पानी में तैरता दिखाई दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में गोताखोरों ने शव को नहर से बाहर निकाला। मृतक की पहचान सरसा की अग्रसेन कॉलोनी निवासी हरबंस लाल के रूप में हुई है। वह शुक्रवार को राजस्थान कैनाल में कूद गया था। करीब दो दिन तक चले तलाशी अभियान के बाद रविवार को उसका शव कालुआना पुल के पास मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरसा के नागरिक अस्पताल पहुंचाया है।

उधारी की रकम को लेकर हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार, हरबंस लाल सरसा के एक व्यक्ति से उधार दी गई रकम वापस लेने गया था। इस दौरान कथित तौर पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इससे आहत होकर वह शुक्रवार को बस में सवार होकर अबूबशहर पहुंचा। बताया जाता है कि नहर की ओर जाते समय कुछ लोगों को उसके इरादे पर संदेह हुआ। उन्होंने उसे नहर में छलांग लगाने से रोककर बचा भी लिया था, लेकिन कुछ समय बाद वह दोबारा नहर पर पहुंचा और पुल से कुछ दूरी पर पानी में छलांग लगा दी। परिजनों के अनुसार, नहर में छलांग लगाने से पहले हरबंस लाल ने अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो भी बनाया था। इसमें उसने नहर में कूदने की बात कही थी। घटना के बाद परिजनों ने चौटाला पुलिस चौकी में शिकायत दी थी। इसके बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी।

पोस्टमार्टम के लिए सरसा लाया गया शव

सदर थाना डबवाली के एसएचओ रमेश ने बताया कि इस संबंध में मामला शहर थाना सरसा में दर्ज है। पुलिस और गोताखोरों की टीमें लगातार बुजुर्ग की तलाश कर रही थीं। रविवार सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच कालुआना पुल के पास शव मिलने पर उसे नहर से बाहर निकलवाया गया। पोस्टमार्टम के लिए शव सरसा के नागरिक अस्पताल भेजा गया है। परिजनों के बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts