पच्चीसअक्टूबर को कुरुक्षेत्र में जुटेंगे हजारों युवा कांग्रेसी कार्यकर्ता, हरतेज प्रताप विर्क की अध्यक्षता में होगा विशाल युवा जन सम्मेलन

हरतेज प्रताप सिंह विर्क ने संभाली कमान, 25 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र में जुटेगा युवा कांग्रेस का बड़ा हुजूम

Published On

पिहोवा, सच कहूँ न्यूज़। Pehowa News: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सरदार सतनाम सिंह विर्क के बेटे एवं युवा कांग्रेस नेता हरतेज प्रताप सिंह विर्क ने 25 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र में होने वाले विशाल युवा जन सम्मेलन को लेकर कमान संभाल ली है। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए हरतेज प्रताप सिंह विर्क लगातार गांव-गांव और शहर-शहर पहुंचकर युवाओं से सीधा संवाद कर रहे हैं और उन्हें सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं। उनके इस जनसंपर्क अभियान से सम्मेलन को लेकर युवा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

हरतेज प्रताप सिंह विर्क ने बताया कि 25 अक्टूबर को  कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के नजदीक कंट्रीसाइड पैलेस में आयोजित होने वाले इस विशाल युवा जन सम्मेलन में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशीत कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उनके आगमन को लेकर युवा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। सम्मेलन में जिलेभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं के पहुंचने की उम्मीद है।

सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य युवाओं को संगठन के साथ जोड़ना, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करना तथा कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए युवाओं को सक्रिय भूमिका के लिए तैयार करना है। हरतेज प्रताप सिंह विर्क का कहना है कि संगठन की असली ताकत जमीनी स्तर पर काम करने वाला कार्यकर्ता होता है और युवा कार्यकर्ता इस भूमिका को सबसे प्रभावी ढंग से निभा सकते हैं। इसी उद्देश्य से वे स्वयं क्षेत्र के युवाओं के बीच पहुंच रहे हैं और उन्हें सम्मेलन से जोड़ने के साथ-साथ संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

जनमुद्दों पर युवाओं से होगा सीधा संवाद 

विर्क ने बताया कि सम्मेलन में संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ किसानों, व्यापारियों और युवाओं से जुड़े मुद्दों, पेपर लीक तथा विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों सहित विभिन्न जनहित के विषयों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और जनसमस्याओं के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि वे तथ्यों को समझते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें।
उन्होंने कहा कि आज युवाओं के सामने रोजगार, शिक्षा और भविष्य से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण सवाल हैं। ऐसे में युवाओं को केवल राजनीति का हिस्सा बनाने के बजाय उन्हें जनसमस्याओं से जोड़ना और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी भागीदारी बढ़ाना जरूरी है।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर रहेगा जोर

हरतेज प्रताप सिंह विर्क ने कहा कि सम्मेलन के माध्यम से युवा कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, लोगों के बीच पहुंच बढ़ाने और उनकी समस्याओं को संगठन के मंच तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में युवाओं की सक्रिय भागीदारी संगठन को नई दिशा और मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

गांव-गांव चल रहे संपर्क अभियान के बीच 25 अक्टूबर के सम्मेलन को लेकर तैयारियां लगातार तेज हो रही हैं। हरतेज प्रताप सिंह विर्क के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान में युवाओं के साथ लगातार संवाद किया जा रहा है। विर्क ने जिलेभर के युवाओं से आह्वान किया कि वे 25 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र में होने वाले युवा जन सम्मेलन में बड़ी संख्या में पहुंचें और संगठन को मजबूत करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

About The Author

Related Posts