शिक्षा और रोजगार
Asian Champions Trophy 2026: एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 खेलने के लिए सभी 6 टीमें पहुंची ‘पंजाब’
दक्षिण कोरियाई पुरुष हॉकी टीम का मोहाली एयरपोर्ट पर ढोल, भंगड़े और फुलकारियों के साथ गर्मजोशी से स्वागत
चंडीगढ़, सच कहूँ/अश्वनी चावला। Asian Champions Trophy 2026: दक्षिण कोरियाई पुरुष हॉकी टीम के साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) स्थित शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर पारंपरिक पंजाबी अंदाज में शानदार स्वागत किया गया। इसके साथ ही एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट -2026 में भाग लेने वाली सभी 6 टीमें पंजाब पहुंच गई हैं। इस दौरान खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ का ढोल की थाप, स्थानीय कलाकारों की ओर से भंगड़े की आकर्षक प्रस्तुतियों और रंग-बिरंगी फुलकारियों के साथ स्वागत किया गया। इससे उन्हें पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और मेहमाननवाजी की झलक देखने को मिली।
उल्लेखनीय है कि 27 अक्तूबर से 5 नवंबर, 2026 तक जालंधर के ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम और मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होने वाला यह टूर्नामेंट एशिया की शीर्ष हॉकी टीमों के बीच रोमांचक मुकाबलों का गवाह बनेगा। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने टूर्नामेंट में भाग लेने वाले सभी देशों की टीमों के लिए विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे, सुचारू परिवहन एवं अन्य व्यवस्थाओं और गर्मजोशी भरी मेहमाननवाजी को सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता प्रबंध किए हैं। दक्षिण कोरियाई दल 20 सदस्यीय टीम के साथ पहुंचा है।
टीम में किम जैहयुंग और सोन तायमिन गोलकीपर के रूप में खेलेंगे, जबकि अन्य खिलाड़ियों में पार्क ग्योनवू, जियोंग जंसीओंग, गो सोंग हुन, किम जैहो, सोन डेन, किम योंग बोक, चुन सेमिन, सोंग जियोंगसियोब, यू ह्योगुक, कोंग यूनहो, ओम जूनयंग, क्वोन येचन, सोंग हायसोंग, बे सोंग मिन, हान सांगजुन, किम डेहयुन, चोई गाजिन और किम डोंगग्योन शामिल हैं।
अंतरराष्ट्रीय हॉकी टीमों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाओं और मेहमाननवाजी के पुख्ता प्रबंध
राज्य सरकार ने टीमों के ठहरने, आवागमन, सुरक्षा और अभ्यास संबंधी सुविधाओं के लिए पुख्ता प्रबंध किए हैं, ताकि पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों को सुचारू और यादगार अनुभव मिल सके। ये तैयारियां अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएँ उपलब्ध करवाने के प्रति पंजाब की प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं। टूर्नामेंट में भाग लेने वाली सभी छह टीमें अब पंजाब में हैं। इससे खेल प्रेमियों में प्रतियोगिता को लेकर उत्साह और उम्मीदें बढ़ रही हैं।
आने वाले दिनों में दर्शकों को रोमांचक और कड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे। जालंधर और मोहाली में इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप की मेजबानी न केवल भारतीय हॉकी में पंजाब के स्थायी योगदान को रेखांकित करेगी, बल्कि खेलों के प्रमुख केन्द्र के रूप में राज्य की पहचान और प्रतिष्ठा को भी मजबूत करेगी।

Comments