84 दंगा पीड़ित सतनाम संधू के नेतृत्व में राज्यपाल से मिले
पुनर्वास व हाईकोर्ट के आदेश लागू करवाने की मांग
चंडीगढ़, सच कहूँ न्यूज। Chandigarh News: 1984 के सिख नरसंहार के पीड़ित परिवारों का प्रतिनिधित्व करने वाली '1984 दंगा पीड़ित वेलफेयर सोसाइटी' के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू के नेतृत्व में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब सरकार से संबंधित पुनर्वास के लंबित मामले उठाते हुए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के संबंधित आदेशों का पालन सुनिश्चित करवाने के लिए राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग की।
राज्यपाल से मिलने वाले इस प्रतिनिधिमंडल में सोसाइटी के अध्यक्ष सुरजीत सिंह, महिला विंग की अध्यक्ष बीबी गुरदीप कौर, सचिव दलजीत सिंह, चेयरमैन गुरदेव सिंह, इंदरपाल सिंह, धर्मिंदर सिंह, सुरजीत सिंह (डी.पी.), भूपिंदर कौर, राजवंत कौर, संगीता कौर और गुरदेव कौर (विधवा) शामिल थे। नेताओं ने पीड़ित परिवारों को आवासीय मकानों व फ्लैटों के आवंटन और कब्जे, कारोबार के लिए बूथों, रेड कार्डों और रोजगार से जुड़े मुद्दे रखे। उन्होंने कहा कि पुनर्वास को लेकर सरकारी फैसलों और संबंधित अदालती आदेशों के बावजूद कई परिवार अपने हक के लिए आज भी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं।
नेताओं ने राज्यपाल से अपील की कि पंजाब सरकार से लंबित मामलों की स्थिति तलब करके योग्य लाभार्थियों को उनके बनते लाभ दिलवाए जाएं। बीबी गुरदीप कौर ने अपनी आपबीती साझा करते हुए बताया कि उस भयावह दौर में उनके परिवार के 8 सदस्य मारे गए थे, जिनमें उनके 2 देवर भी शामिल थे। उन्होंने कहा कि घर बार और अपनों को खो चुके परिवार आज भी उस त्रासदी के साथ जी रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से न्याय की उम्मीद जताई और पीड़ित परिवारों के मुद्दे उठाने के लिए सतनाम सिंह संधू का धन्यवाद किया। सतनाम सिंह संधू ने कहा कि 1984 के पीड़ितों का पुनर्वास किसी सरकार की मेहरबानी नहीं, बल्कि उसकी जिम्मेदारी है। पंजाब सरकार को संबंधित अदालती आदेशों और अपनी नीतियों के अनुसार योग्य परिवारों के मामले बिना और देरी के निपटाने चाहिए।
Comments