बेटी को बचाने दौड़ा पिता बस के पिछले टायर के नीचे आया, मौत
कोहंड के पास जीटी रोड पर हादसा: 8 साल की बेटी के साथ हाईवे पार कर रहा था असम निवासी विपिन, बस में सवार थीं करीब 80 सवारियां
घरौंडा, सच कहूँ न्यूज़। Gharaunda News: जीटी रोड पर कोहंड के पास दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। व्यक्ति अपनी 8 साल की बेटी के साथ हाईवे पार कर रहा था। इसी दौरान बेटी अचानक सड़क पर दौड़ पड़ी। उसे किसी वाहन की चपेट में आने से बचाने के लिए पिता भी उसके पीछे दौड़ा, लेकिन इसी बीच तेज रफ्तार बस की चपेट में आ गया। वह बस के पिछले टायरों के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान 50 वर्षीय विपिन के रूप में हुई है। वह मूल रूप से असम का रहने वाला था और कोहंड गांव में किराये के मकान में परिवार के साथ रहता था। वह एक पोल्ट्री फार्म में काम करता था। सोमवार को वह अपने साढ़ू तेजपाल से मिलने के लिए जीटी रोड के नजदीक स्थित एक फैक्टरी में आया था। उसके साथ 8 साल की बेटी भी थी। दोनों जब हाईवे पार कर रहे थे तो अचानक बेटी दूसरी तरफ जाने के लिए दौड़ पड़ी। बेटी को सड़क पर किसी वाहन की चपेट में आने से बचाने के लिए विपिन भी उसके पीछे दौड़ पड़ा। इसी दौरान वह चंडीगढ़ की तरफ से आ रही हरियाणा रोडवेज की बस के सामने आ गया और पिछले टायरों के नीचे कुचला गया।
हादसे में शामिल बस के चालक ने बताया कि व्यक्ति अचानक उसकी बस के सामने आ गया था। उसे बचाने के लिए उसने करीब 200 मीटर पहले से ही ब्रेक लगाने शुरू कर दिए थे, लेकिन बस समय रहते रुक नहीं पाई। व्यक्ति बस से टकराकर पिछले टायरों के नीचे आ गया। चालक के अनुसार, अचानक ब्रेक लगाने से बस में बैठी कुछ सवारियों को भी हल्की चोटें आई हैं। बस में करीब 80 सवारियां थीं। हादसे के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित आगे भेजने के लिए दूसरी बस की व्यवस्था की गई। बस में सफर कर रही सवारियों का कहना था कि व्यक्ति सड़क पार कर रहा था और अचानक बस के सामने आ गया। चालक ने काफी पहले से ब्रेक लगाने शुरू कर दिए थे। ऐसे में बस चालक की गलती नहीं थी। वहीं, मौके पर मौजूद राहगीरों ने बताया कि विपिन अपनी बेटी के साथ सड़क पार कर रहा था। बेटी अचानक दौड़ने लगी तो उसे बचाने के लिए पिता भी उसके पीछे भागा और बस की चपेट में आ गया।
साढ़ू ने लगाया लापरवाही का आरोप
विपिन के साढ़ू तेजपाल ने बताया कि विपिन उससे मिलने के लिए फैक्टरी में आया था। मुलाकात के बाद जब वह बेटी के साथ वापस जाने लगा तो दोनों सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान बेटी दौड़ पड़ी। उसे किसी वाहन के नीचे आने से बचाने के लिए विपिन भी पीछे दौड़ा और बस की चपेट में आ गया। तेजपाल ने बस चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि चालक समय रहते ब्रेक लगा सकता था। उसका कहना था कि भले ही व्यक्ति अचानक सामने आया हो, लेकिन चालक को उसे बचाने का प्रयास करना चाहिए था।
शिकायत के आधार पर होगी कार्रवाई
पुलिसकर्मी बसंत कुमार ने बताया कि हाईवे पर हुए हादसे में विपिन की मौत हुई है। उसके साथ उसकी बेटी भी थी। बेटी के अचानक सड़क पर दौड़ने पर उसे पकड़ने के लिए विपिन भी पीछे दौड़ा और बस की चपेट में आ गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शिकायत मिलने के बाद मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
Comments