ट्रेन में दोस्तों के बीच मारपीट, एक की मौत, आरोपी राकेश फरार
ट्रेन में दोस्तों के बीच मारपीट, एक की मौत, आरोपी राकेश फरार
कैथल, सच कहूँ न्यूज। Kaithal News: हरिद्वार यात्रा पर निकले तीन दोस्तों के बीच कैथल के ढांड के पास किसी बात को लेकर ट्रेन में विवाद हो गया। झगड़े के दौरान एक दोस्त ने अपने दूसरे दोस्त के साथ बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की बाद में मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी राकेश फरार बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, कैथल के प्रताप गेट, पाडला रोड निवासी करीब 55 वर्षीय ऋषिपाल अपने दो दोस्तों के साथ हरिद्वार स्थित नीलकंठ जाने के लिए ट्रेन में सवार हुआ था। यात्रा के दौरान ढांड के पास राकेश और ऋषिपाल के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। साथ यात्रा कर रहे तीसरे दोस्त देश कुमार के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई हुई। इस दौरान ऋषिपाल के चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, उसकी नाक टूट गई। मारपीट के बाद ऋषिपाल की हालत बिगड़ गई। देश कुमार उसे अपने साथ लेकर घर पहुंचा। परिजनों के अनुसार, घर पहुंचने के बाद ऋषिपाल की तबीयत और ज्यादा खराब हो गई। उसे अस्पताल ले जाया गया वहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि ऋषिपाल के चेहरे और आंखों के आसपास चोट के निशान दिखाई दे रहे थे।
जीआरपी चौकी जाँच अधिकारी सीमा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँच गई थी। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले को लेकर परिजनों के ब्यान दर्ज किए जा रहे हंै। उसी आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।