दलित युवक से मारपीट के प्रकरण में दो नामजद, तलाश शुरू
स्वामी यशवीर महाराज द्वारा मामले को सोशल मीडिया पर उठाएं जाने के बाद हरकत में आई पुलिस
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: दलित युवक से चौकी में मारपीट करने के प्रकरण में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। स्वामी यशवीर महाराज द्वारा प्रकरण को सोशल मीडिया पर उठाए जाने के पश्चात पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एक्शन लिया है। पुलिस युवक से मारपीट करने वाले आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
कस्बे के मोहल्ला बिसातियान निवासी एक दलित युवक ने कोतवाली पुलिस को शिकायती-पत्र दिया है। बताया कि शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह अपने घर पर भोजन कर रहा था। इसी दौरान फोन पर उसे दीपावली की सजावट के लिए पुलिस चौकी आने को कहा गया। युवक का कहना है कि वह रात में ही चौकी पहुंचा और सजावट का कार्य किया। आरोप है कि वहां मौजूद आसिफ और अमजद नामक युवकों ने उसके साथ में गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उसे जातिसूचक शब्द भी कहें। इस प्रकरण में जनपद मुजफ्फरनगर के बघरा आश्रम के स्वामी यशवीर महाराज ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया है।
उन्होंने वीडियों में कहा है कि दलित युवक के साथ चौकी में मारपीट का मामला काफी गम्भीर है। युवक अपने चाचा के साथ चौकी पहुंचा था। यशवीर महाराज ने पुलिस अधीक्षक शामली से मामले का तत्काल संज्ञान लेने, निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोपियों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही, दो दिनों में आरोपियों की गिरफ्तारी नही होने पर उनके घर के सामने गोवर्धन पूजा का कार्यक्रम आयोजित करने की चेतावनी दी है। वहीं, किलागेट चौकी प्रभारी एसआई राजकुमार बघेल ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Comments