Rahul Gandhi Latest News: राहुल गांधी ने साझा किए परिवार के अनसुने किस्से, 1980 की यादें की ताजा
'मां का सफर प्यार और दुख-दर्द से भरा रहा है'
Sonia Gandhi Book Launch: नई दिल्ली (सच कहूँ/एजेंसी)। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ हुई एक खास बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। इस बातचीत में गांधी परिवार से जुड़े पुराने घटनाक्रम, राहुल गांधी के बचपन की यादें और कुछ ऐसे पारिवारिक पहलू सामने आए, जिनका उल्लेख सोनिया गांधी ने अपनी हालिया पुस्तक में नहीं किया है। राहुल गांधी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह वीडियो पोस्ट किया। इसके साथ उन्होंने '1980 ने हर सोच बदल दी' संदेश लिखा। पोस्ट में उन्होंने अपने सातवें जन्मदिन से जुड़ी परिस्थितियों और परिवार के जीवन में आए बड़े बदलावों का जिक्र किया।
सोनिया गांधी की किताब से जुड़े अनकहे पहलुओं पर हुई चर्चा
राहुल गांधी ने बताया कि मां और बहन के साथ बैठकर उन्होंने परिवार के पुराने अनुभवों को याद किया। बातचीत के दौरान बचपन की खुशियों के साथ-साथ उन मुश्किल दौर की भी चर्चा हुई, जिनका सामना परिवार को करना पड़ा था। उन्होंने वर्ष 2004 में लिए गए एक अहम फैसले और अपने पिता राजीव गांधी की सुरक्षा से जुड़े घटनाक्रम का भी उल्लेख किया। राहुल के मुताबिक, सोनिया गांधी ने 500 से अधिक पन्नों की अपनी पुस्तक में कई ऐसी यादों को शामिल नहीं किया है, जिन पर परिवार के बीच बातचीत हुई।
राहुल गांधी ने अपनी मां के जीवन संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि उनका भारत में अपनापन और अपना स्थान तलाशने का सफर आसान नहीं रहा। इस यात्रा में उन्हें कई खुशियों के साथ गंभीर पारिवारिक त्रासदियों से भी गुजरना पड़ा, लेकिन उन्होंने हर परिस्थिति का सामना मजबूती और गरिमा के साथ किया।
सोनिया गांधी ने बच्चों को बताया अपनी सबसे बड़ी ताकत
राहुल गांधी की पोस्ट को सोनिया गांधी ने भी साझा किया। उन्होंने बताया कि उनकी पुस्तक 'Belonging' में व्यक्तिगत अनुभवों और स्मृतियों को आधार बनाया गया है। राहुल और प्रियंका ने जब अपने नजरिए से कुछ पुरानी घटनाएं साझा कीं, तो उन कहानियों को एक नया आयाम मिला। सोनिया गांधी ने अपने बच्चों के प्रति स्नेह जताते हुए उन्हें अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी खुशी और शक्ति बताया। उनकी प्रतिक्रिया के बाद यह पारिवारिक बातचीत सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई।
क्या है सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love'?
सोनिया गांधी की पुस्तक 'Belonging: A Journey of Love' उनके व्यक्तिगत जीवन और अनुभवों पर आधारित है। इसमें इटली में बीता उनका बचपन, भारत आने का सफर, राजीव गांधी से मुलाकात और विवाह के बाद गांधी परिवार का हिस्सा बनने तक की कहानी शामिल है। पुस्तक में इंदिरा गांधी के साथ उनके संबंधों, राजीव गांधी की वर्ष 1991 में हुई हत्या के बाद के कठिन समय और भारतीय राजनीति में उनकी भूमिका से जुड़े अनुभव भी बताए गए हैं। इसके अलावा कांग्रेस संगठन का नेतृत्व संभालने और प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के उनके फैसले से जुड़े पहलुओं पर भी प्रकाश डाला गया है। राहुल गांधी द्वारा साझा की गई बातचीत ने इस पुस्तक के कुछ ऐसे भावनात्मक और पारिवारिक पहलुओं की ओर ध्यान आकर्षित किया है, जो लिखित संस्मरण से अलग हैं।
Comments