Police Smriti Diwas: पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को नमन, एसपी ने पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

रिजर्व पुलिस लाइन में शहीदों के बलिदान का किया स्मरण, निरीक्षण परेड, पौधरोपण और रक्तदान शिविर का आयोजन

Published On

हनुमानगढ़ (सच कहूँ न्यूज़)। देश की सुरक्षा और आमजन की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने शहीद पुलिसकर्मियों को पुष्पचक्र अर्पित कर नमन किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, जवानों और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने भी शहीदों के बलिदान को याद किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एसपी बी आदित्य ने कहा कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में शहीद हुए 10 वीर पुलिसकर्मियों का अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका त्याग पुलिस बल को राष्ट्रसेवा, कर्तव्यपरायणता और जनसुरक्षा के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। पुलिसकर्मी शहीदों के आदर्शांे से प्रेरणा लेकर पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहेंगे।

पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर निरीक्षण परेड आयोजित की गई। इसके बाद पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। वहीं, रक्तदान शिविर के माध्यम से मानव सेवा की भावना को बढ़ावा दिया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Police-Tribute

About The Author

Related Posts