Bengaluru Heavy Rain: बेंगलुरु में भारी बारिश से जलभराव और कचरे की समस्या, जनजीवन प्रभावित
बेंगलुरु में भारी बारिश से जलभराव, भाजपा ने 'ब्रांड बेंगलुरु' को लेकर कांग्रेस सरकार पर बोला हमला
बेंगलुरु, एजेंसी। Bengaluru News: भाजपा के वरिष्ठ नेता और कर्नाटक में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने शनिवार को बेंगलुरु में जलभराव और कचरे के जमाव को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि 'ब्रांड बेंगलुरु' पहल को बढ़ावा देने के बावजूद सरकार नागरिक समस्याओं का समाधान करने में विफल रही है।
पूर्वोत्तर मानसून के तेज होने के कारण 16 अक्टूबर की देर शाम और रात भर बेंगलुरु में भारी बारिश हुई। भारी बारिश के कारण भीषण जलभराव हुआ और अंडरपास जलमग्न हो गए। बारिश का पानी कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घुस गया और प्रमुख सड़कों पर यात्रियों को भारी जाम और धीमी गति से चलने वाले यातायात का सामना करना पड़ा।
भाजपा नेता आर. अशोक ने कहा कि लगातार बारिश के कारण सड़कें झीलों में तब्दील हो गई हैं और जलभराव वाले अंडरपास में गाड़ियां डूब रही हैं, वहीं शहरभर में कूड़े के ढेर और दुर्गंध आम बात हो गई है।
उन्होंने मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार से सरकार की बहुचर्चित 'ब्रांड बेंगलुरु' पहल पर सवाल उठाते हुए कहा, "यह है हमारे सिलिकॉन सिटी, बेंगलुरु की मौजूदा हालत।"
आर. अशोक ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि उसने इस पहल को सिर्फ प्रचार पोस्टरों और विज्ञापनों तक सीमित कर दिया है, जबकि खराब नागरिक प्रबंधन के कारण निवासियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बेंगलुरु विकास मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा को भी निशाना बनाया और बिगड़ती स्थिति के बीच उनकी अनुपस्थिति पर सवाल उठाया। आर. अशोक ने आरोप लगाया कि मंत्री जनता की शिकायतों पर ध्यान देने के बजाय सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने में व्यस्त हैं।
उन्होंने पूछा, “क्या आपका काम सिर्फ कैमरों के सामने भाषण देना और सोशल मीडिया पर वीडियो बनाना है? जब आम लोग जलमग्न सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं और कचरे की दुर्गंध में सांस ले रहे हैं, तब आप कहां हैं?”
शहर की नागरिक समस्याओं को गिनाते हुए भाजपा नेता ने कहा कि अंडरपास में जलभराव से वाहन चालकों को खतरा है, जबकि कचरे के उचित निपटान की व्यवस्था न होने से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
उन्होंने कहा कि नगर प्रशासन और राज्य सरकार की गैरजिम्मेदारी को लेकर जनता का गुस्सा बढ़ता जा रहा है।
आर. अशोक ने सरकार से वादे बंद करने और समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने मंत्रियों से अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने और यह सुनिश्चित करने का आह्वान किया कि नागरिक मुद्दों का जल्द से जल्द समाधान किया जाए।
कांग्रेस सरकार को जनता के भारी विरोध की चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने तुरंत कार्रवाई नहीं की तो बेंगलुरु के निवासी उसे करारा सबक सिखाएंगे।