Hockey: हॉकी के महाकुंभ के लिए सजा मोहाली, 4-5 नवंबर को गूंजेगा हॉकी का जुनून

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों की मेजबानी करेगा मोहाली

Published On

मोहाली, सच कहूँ/एमके शायना। Mohali News: मोहाली की धरती एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय हॉकी के रोमांच की गवाह बनने जा रही है। 4 और 5 नवंबर को यहाँ होने वाली हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों को लेकर खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। फेज-9 स्थित ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम को इस बड़े खेल आयोजन के लिए तैयार किया जा रहा है। आयोजकों को उम्मीद है कि इन दो दिनों के दौरान लगभग 13 हजार दर्शक स्टेडियम में पहुंचकर अंतरराष्ट्रीय स्तर की हॉकी का आनंद लेंगे। इस खेल महाकुंभ की सबसे खास बात यह है कि दर्शकों को मैच देखने के लिए कोई टिकट नहीं खरीदना पड़ेगा। स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया है।

दर्शक आधिकारिक क्यूआर कोड स्कैन करके अपनी मुफ्त डिजिटल प्रवेश टिकट प्राप्त कर सकते हैं और अपनी पसंद के मैचों के लिए पंजीकरण करवा सकते हैं। इस बार मोहाली में खेल प्रेमियों को सिर्फ हॉकी के मैदान का रोमांच ही नहीं, बल्कि पंजाबी संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। दो दिवसीय आयोजन के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रसिद्ध गायकों की प्रस्तुतियों का प्रबंध किया गया है। इसके अलावा पंजाब की समृद्ध विरासत को दशार्ने वाला विशेष ‘साडा पिंड’ तैयार किया गया है, जहाँ दर्शक पंजाबी संस्कृति और ग्रामीण जीवन की झलक देख सकेंगे। मुकाबलों के सुचारू आयोजन के लिए प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है। खेल सचिव वरुण रूजम ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शनिवार को स्टेडियम पहुंचकर प्रबंधों का जायजा लिया।

इस तरह रहेगा मैचों का शेड्यूल

टूर्नामेंट के मैचों के कार्यक्रम के अनुसार 4 नवंबर को सेमीफाइनल और वर्गीकरण मुकाबले खेले जाएंगे। दोपहर 2 बजे पूल में पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच मुकाबला होगा। इसके बाद शाम 4:30 बजे पहले सेमीफाइनल में पहले स्थान पर रहने वाली टीम का सामना चौथे स्थान की टीम से होगा, जबकि शाम 7 बजे दूसरे सेमीफाइनल में दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें आमने-सामने होंगी। 5 नवंबर को पदकों के लिए निर्णायक मुकाबले होंगे।

शाम 4:30 बजे दोनों सेमीफाइनल में हारने वाली टीमें कांस्य पदक के लिए भिड़ेंगी, जबकि शाम 7 बजे विजेता टीमों के बीच स्वर्ण पदक के लिए फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने कहा कि निशुल्क प्रवेश, उच्चस्तरीय हॉकी मुकाबलों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पंजाबी विरासत और विभिन्न व्यंजनों के प्रबंधों के साथ मोहाली आने वाले दर्शकों को यादगार अनुभव देने के लिए तैयार है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts