Farmers Protest: भरेड़ी में एचडीएफसी बैंक के आगे धरने पर बैठे किसान

बैंक शाखा पर जड़ा ताला, निष्पक्ष जांच तक विरोध जारी रखने की चेतावनी

Published On

अंबाला, सच कहूँ न्यूज। Ambala News: अंबाला जिले के गांव भरेड़ी में किसान यूनियन शहीद भगतसिंह के बिक्रम राणा की अध्यक्षता में किसानों ने एचडीएफसी बैंक की शाखा के आगे धरना दिया और शाखा पर ताला लगा दिया। बिक्रम राणा के अनुसार, किसान विक्की राणा के बैंक खाते और कर्ज के मामले में धोखाधड़ी हुई है। बिक्रम राणा ने बताया कि विक्की राणा का खाता बैंक में जुलाई 2020 में खोला गया था, जबकि बैंक ने उसके नाम पर वर्ष 2018 में ही पांच लाख 72 हजार रुपये का कथित फर्जी कर्ज दिखा दिया। उनके मुताबिक, 12 हजार रुपये की राशि को बढ़ाकर 12 लाख रुपये करने का भी आरोप है।

बैंक की ओर से इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। संघ सदस्य गुलाब सिंह पूनिया का कहना है कि बैंक अपनी गलती मानने को तैयार नहीं है और किसान को न्याय दिलाने के बजाय मामले को टालने की कोशिश कर रहा है। धरने में मेहर सिंह, सुखबिंदर सिंह, अमित कुमार, देव सिंह, बॉबी राणा, गोगी, विक्की राणा, फकीरचंद, टिंकू, भाग सिंह और चलोला हरदयाल सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे। 

केसीसी की समय सीमा को लेकर पनपा रोष 

किसान योगिन्द्र सिंह, निवासी गांव पतरेहड़ी, ने अपनी जमीन गिरवी रखकर बैंक से कर्ज की लिमिट बनवाई थी। उनके मुताबिक, यह लिमिट 20 जुलाई 2020 को बनकर तैयार हुई थी। इसकी राशि पांच लाख 76 हजार 154 रुपये बताई गई है। किसान का आरोप है कि बैंक ने यही लिमिट 18 जनवरी 2018 को बनाई दिखा दी, जबकि उन्होंने इसे 2018 में नहीं, बल्कि 2020 में बनवाया था। उनका कहना है कि 2018 में बैंक में उनका कोई खाता ही नहीं था। किसान के अनुसार, वर्ष 2020 में उन्होंने चार लाख 67 हजार रुपये की लिमिट बनवाई थी और वह समय पर लेन-देन कर रहे हैं।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts