शिक्षा और रोजगार
भुनरहेड़ी में कबाड़ की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों रुपये का सामान जलकर राख
दुकानदार ने कहा, सुबह बच्चों की ओर से चलाए गए पटाखों की चिंगारी से लगी आग
सनौर, सच कहूँ/राम स्वरूप पंजोला। Sanaur News: यहाँ से कुछ दूरी पर स्थित कस्बा भुनरहेड़ी में पिछले कई दशकों से कबाड़ का कारोबार कर रहे मनमोहन सिंह मोनी कबाड़ी की दुकान में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, दुकान के मालिक मनमोहन सिंह ने बताया कि सुबह बच्चों की ओर से चलाए गए पटाखों की चिंगारी दुकान में गिरने से आग लगी। इससे उन्हें काफी बड़ा नुकसान हुआ है। मामले की पुलिस की ओर से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि दुकान में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते भीषण रूप धारण कर लिया। आग की लपटों ने दुकान के अंदर पड़े कबाड़ और अन्य कीमती सामान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियांँ मौके पर पहुंच गर्इं और आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत की।
दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के प्रयास किए, लेकिन तब तक दुकान में पड़ा काफी सामान जलकर राख हो चुका था। कबाड़ की इस दुकान के साथ लगती पेंट की दुकान और एक अन्य दुकान को भी काफी नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस चौकी भुनरहेड़ी की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए तथा मामले की जाँच शुरू कर दी। दुकान मालिक की ओर से आग के कारण हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इस घटना के कारण इलाके में चिंता का माहौल बन गया और दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। पुलिस आग लगने की घटना की जांच कर रही है।
Comments