Wrestling: मीरापुर बिजलीघर के टीजी-2 लाइनमैन चांद मियां ने प्रदेश स्तरीय कुश्ती में दिखाया दम
मीरापुर बिजलीघर के टीजी-2 लाइनमैन चांद मियां ने प्रदेश स्तरीय कुश्ती में दिखाया दम
मीरापुर (सच कहूं/कोमल प्रजापति)। Mirapur News: पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, मेरठ द्वारा 52वीं उत्तर प्रदेश पावर सेक्टर अंतर परियोजना के तहत चार दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन चैधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में किया गया। प्रतियोगिता में पूर्वांचल, पश्चिमांचल, दक्षिणांचल और मध्यांचल विद्युत वितरण निगमों के विभागीय कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में मीरापुर उपखंड के बिजली विभाग में तैनात टीजी-2 लाइनमैन चांद मियां ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी कुश्ती प्रतिभा का दम दिखाया। चांद मियां ने मुकाबले के दौरान 92 किलोग्राम भार वर्ग के पहलवान को हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उन्होंने प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया। चांद मियां की इस उपलब्धि से मीरापुर उपखंड के बिजली कर्मचारियों के साथ-साथ क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है।
विभागीय कर्मचारियों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि प्रबंध निदेशक रविश गुप्ता और क्रीड़ा अधिकारी अलका तोमर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया। चांद मियां के सम्मानित होने पर विभागीय अधिकारियों और सहकर्मियों ने हर्ष व्यक्त किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न डिस्कॉम से आए कर्मचारियों ने खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया।