काली पट्टी बांधकर एनएचएम संविदाकर्मियों ने जताया विरोध

काली पट्टी बांधकर एनएचएम संविदाकर्मियों ने जताया विरोध

Published On

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत संविदा कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया है। सोमवार को कैराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने हाथ में काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया। इस दौरान कर्मचारियों ने स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित अपने नियमित कार्य भी जारी रखे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक अतुल गर्ग तथा आरिश खान व जाहिर खान समेत अन्य संविदाकर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर कार्य किया।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से एनएचएम के तहत सेवाएं दे रहे कर्मचारियों की मांगों पर शासन को गंभीरता से विचार करना चाहिए। उत्तर-प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ की ओर से मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में एनएचएम संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण और समान कार्य के लिए समान वेतन की व्यवस्था लागू करने की प्रमुख मांग रखी गई है। समान वेतन की व्यवस्था लागू होने तक वर्तमान मानदेय में वृद्धि करने की भी मांग की गई है। इसके अलावा, संविदा कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों के लिए 10 लाख रुपये की फैमिली फ्लोटर कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा, महंगाई भत्ता, ईपीएफ, एचआरए एवं ग्रेच्युटी का लाभ देने की मांग की गई है। पत्र में गैर जनपद स्थानांतरण नीति बहाल करने, सेवाकाल में कर्मचारी की मृत्यु होने पर पात्र आश्रित को

अनुकंपा नियुक्ति देने तथा आउटसोर्स कर्मचारियों को जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजित करने की भी मांग उठाई है। पत्र में मांग की गई है कि स्वास्थ्य विभाग में होने वाली नियमित भर्तियों में एनएचएम संविदा कर्मचारियों के लिए कम से कम 25 प्रतिशत पदों का कोटा निर्धारित किया जाए। आगामी 05, 06 और 07 अक्टूबर को संविदाकर्मचारी काली पट्टी बांधकर कार्य करते हुए सांकेतिक विरोध दर्ज करेंगे। इसके बाद, 8, 9 और 10 अक्टूबर को जनपद मुख्यालयों पर शांतिपूर्ण कार्य बहिष्कार अथवा कार्यविराम प्रस्तावित है। पत्र में चेतावनी दी गई है कि इसके बाद भी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया अथवा राज्य प्रतिनिधिमंडल के साथ सार्थक वार्ता नहीं हुई तो 12 अक्टूबर से प्रदेशभर के एनएचएम संविदा कर्मचारी लखनऊ पहुंचकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करेंगे।

About The Author

Related Posts