प्रतिबंधित वन क्षेत्र में अवैध खनन का आरोप, जेसीबी और मिट्टी से भरा ट्राला जब्त
प्रतिबंधित वन क्षेत्र में अवैध खनन का आरोप, जेसीबी और मिट्टी से भरा ट्राला जब्त
मीरापुर (सच कहूं/कोमल प्रजापति)। Mirapur News: थाना क्षेत्र के कैलापुर जसमोर के जंगल में प्रतिबंधित क्षेत्र होने के बावजूद कथित रूप से अवैध खनन किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब चार दिनों से जंगल क्षेत्र में दिन-रात बड़े पैमाने पर मिट्टी का खनन किया जा रहा था। सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन और मिट्टी से भरा एक ट्राला जब्त किया है। ग्रामीणों के मुताबिक खनन कार्य में कई जेसीबी मशीनों के साथ बड़ी संख्या में डंपर लगाए गए थे। आरोप है कि प्रतिबंधित वन क्षेत्र से मिट्टी निकालकर उसे दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग के निर्माण कार्य में इस्तेमाल किया जा रहा था। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से क्षेत्र की सड़कों के भी प्रभावित होने की बात ग्रामीणों ने कही।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर खनन किए जाने का आरोप है, वह वन विभाग के कार्यालय से करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर है। सेंचुरी क्षेत्र में खनन प्रतिबंधित होने के बावजूद बड़े स्तर पर मिट्टी उठाए जाने को लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने वन क्षेत्राधिकारी पर खनन करने वालों से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर खनन तत्काल रुकवाने तथा मशीनों और डंपरों की जांच कराने की मांग की है। वन क्षेत्राधिकारी अशोक शर्मा ने बताया कि अवैध खनन के मामले में विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वन विभाग की टीम ने एक जेसीबी और मिट्टी से भरा ट्राला जब्त किया है। निर्धारित जुर्माना संबंधित व्यक्ति से वसूला जाएगा।