हरियाणा में अब खून के लिए नहीं तड़पेगा कोई जरूरतमंद, हरियाणा सरकार की बड़ी घोषणा
हस्पताल होंगे अपग्रेड, एसीएस डॉ. सुमिता मिश्रा की अध्यक्षता में एसएसपीसी की बैठक में लिए गए अहम फैसले
District Hospital Upgradation: चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा सरकार ने जिला अस्पतालों को अपग्रेड करने, ब्लड बैंकों को मजबूत करने, जांच प्रयोगशालाओं की सुविधाएं सुधारने और दवाओं की गुणवत्ता जांच बेहतर बनाने के लिए लगभग 3.26 करोड़ रुपये की खरीद एवं सेवा योजनाओं को मंजूरी दी है।
ये निर्णय स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई राज्य स्वास्थ्य खरीद विशेष स्थायी खरीद समिति (एसएसपीसी-उच्च) की बैठक में लिए गए।समिति ने जिला अस्पतालों के लिए छह शव क्षमता वाले 9 शवगृह चैंबर की खरीद के लिए दो वर्षीय दर अनुबंध को मंजूरी दी, जिसकी लागत 70.62 लाख रुपये है। इसके साथ 66.27 लाख रुपये से 17 ऊंचाई समायोजित पेडेस्टल आॅटोप्सी टेबल खरीदने की स्वीकृति दी गई।
दोनों प्रस्तावों पर 1.37 करोड़ रुपये खर्च होंगे, जिससे शवगृह क्षमता बढ़ेगी और पोस्टमार्टम प्रक्रिया अधिक सुरक्षित बनेगी। ब्लड बैंक और लैब सेवाओं को मजबूत करने के लिए 1.09 करोड़ रुपये के उपकरण मंजूर किए गए, जिनमें माइनस 40 डिग्री वाले 25 डीप फ्रीजर (56.64 लाख), 20 एलिसा रीडर विद वॉशर (34.02 लाख) और 15 डिजिटल एनालिटिकल बैलेंस (18.55 लाख) शामिल हैं।
उपकरणों की बनेगी डिजिटल सूची
दवा गुणवत्ता नियंत्रण के लिए हरियाणा खाद्य एवं औषधि प्रशासन हेतु 16.04 लाख की दो डिसॉल्यूशन मशीन और 8.96 लाख के दो डिसइंटीग्रेशन उपकरण सहित कुल 25 लाख के उपकरणों की खरीद होगी, जिससे एफडीए की परीक्षण क्षमता बढ़ेगी। इसके अलावा सभी जिलों के स्वास्थ्य संस्थानों में लगे चिकित्सा उपकरणों के सर्वेक्षण, सत्यापन और डिजिटलीकरण के प्रदेशव्यापी अभियान के लिए 22.42 लाख रुपये और पंचकूला स्थित एचएमएससीएल कार्यालय में तीन वर्षीय हाउसकीपिंग सेवा के लिए 32.40 लाख रुपये की एजेंसी नियुक्ति को भी मंजूरी दी गई।