Suspended: हरियाणा सरकार की बड़ी कार्रवाई, गुरुग्राम सहायक रजिस्ट्रार निलंबित; जानें क्या है मामला?
सहकारी ग्रुप हाउसिंग सोसाइटियों ने लगाया था अनुचित निर्णयों का आरोप
गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। हरियाणा सरकार ने सहकारी समितियां गुरुग्राम में कार्यरत सहायक रजिस्ट्रार त्रिलोचन सिंह चट्ठा को प्रशासनिक आधार पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर गुरुग्राम की विभिन्न सहकारी ग्रुप हाउसिंग सोसाइटियों के प्रबंधन से जुड़े मामलों में पक्षपातपूर्ण और अनुचित निर्णय लेने के आरोप थे। प्रतिनिधि लंबे समय से उच्च अधिकारियों और सरकार से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
कर्मयोगी सोसाइटी के प्रधान विकास चोपड़ा, दीवान सिंह, जोगिंदर सिंह, अभिनव सोसाइटी से नितिन भाटिया, अलकनंदा से हरीश भूटानी और स्वर्ण जयंती से विंग कमांडर गिरिराज पुनिया सहित अन्य प्रतिनिधियों ने बताया कि उनके कार्यकाल में अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर आदेश जारी किए गए। एक सोसाइटी की आम सभा को निर्धारित तिथि से एक-दो दिन पहले रोकने जैसे निर्णयों से नियमित कामकाज और लोकतांत्रिक प्रक्रिया बाधित हुई।
प्रतिनिधियों ने इसे प्रशासनिक जवाबदेही की दिशा में कदम बताते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और सहकारिता विभाग का आभार जताया। प्रतिनिधियों ने कहा कि सहकारी ग्रुप हाउसिंग सोसाइटियां हजारों परिवारों के हितों से जुड़ी हैं और प्रशासनिक व्यवस्था में विश्वास बनाए रखने के लिए लंबित शिकायतों की निष्पक्ष जांच जरूरी है।