सोने के भाव हुए उदास तो खिल उठे सुहागिनो के चेहरे, करवाचौथ पर जमकर की खरीदारी 

आभूषणों से लेकर मेहंदी और श्रृंगार तक की दुकानों पर उमड़ी सुहागिनो की भीड़

Published On

बड़ौत, डॉ संदीप दहिया । सोने की कीमतों में आई भारी गिरावट ने करवाचौथ के त्योहार की रौनक बढ़ा दी है। सोना सस्ता होते ही सुहागिन महिलाओं के चेहरे खिल उठे और बाजारों में खरीदारी का उत्साह देखते ही बना। करवाचौथ के पर्व पर महिलाओं ने दिनभर बाजारों में जमकर खरीदारी की। सोने के आभूषण खरीदने से लेकर हाथों में मेहंदी रचाने और सोलह शृंगार की तैयारियों तक बाजारों में महिलाओं की चहल-पहल बनी रही। ज्वेलरी शोरूम, ब्यूटी पार्लर, मेहंदी लगाने वालों और कॉस्मेटिक की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ने से बाजार गुलजार नजर आए।

पिछले महीने सोने की कीमतों में लगातार तेजी के चलते आभूषण खरीदना महंगा हो गया था, लेकिन करवाचौथ से कुछ दिन पहले सोने के भाव में आई भारी गिरावट ने महिलाओं को खरीदारी का अच्छा अवसर दे दिया। कीमतें कम होने से महिलाओं ने अपनी पसंद के सोने के आभूषण खरीदे। किसी ने कानों के झुमके पसंद किए तो किसी ने अंगूठी, चेन और अन्य आभूषणों की खरीदारी की। त्योहार के मद्देनजर ज्वेलरी शोरूमों पर दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही।

सोना सस्ता होने से बढ़ा खरीदारी का उत्साह

संतोष ज्वेलर्स के संचालक प्रभात जैन ने बताया कि पिछले महीने सोने की कीमतें तेजी से बढ़ रही थीं, जिससे आभूषण खरीदने की योजना बना रही महिलाओं को महंगे दामों के कारण परेशानी हो रही थी। करवाचौथ से कुछ दिन पहले सोने की कीमतों में आई भारी गिरावट महिलाओं के लिए वरदान साबित हो रही है। भाव कम होने से महिलाएं उत्साह के साथ आभूषणों की खरीदारी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि करवाचौथ के चलते बाजार में पहले से ही रौनक रहती है, लेकिन सोने के दाम घटने से खरीदारी का उत्साह और बढ़ गया है।

मेहंदी और सोलह शृंगार के लिए भी उमड़ी भीड़

करवाचौथ पर केवल आभूषणों की दुकानों पर ही नहीं, बल्कि ब्यूटी पार्लरों और कॉस्मेटिक की दुकानों पर भी महिलाओं की भीड़ देखने को मिली। सुहागिन महिलाओं ने त्योहार के लिए विशेष रूप से सजने-संवरने की तैयारियां कीं। हाथों में आकर्षक मेहंदी रचाने के लिए महिलाओं और युवतियों में खास उत्साह रहा। मेहंदी लगाने वालों के पास महिलाओं की कतारें लगी रहीं। वहीं, ब्यूटी पार्लरों में फेशियल, मेकअप और अन्य सौंदर्य सेवाओं के लिए महिलाएं पहुंचीं। कॉस्मेटिक की दुकानों पर चूड़ियां, बिंदी, लिपस्टिक, नेल पॉलिश और अन्य शृंगार सामग्री खरीदने के लिए भी भीड़ रही।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts