RCDF News: राजस्थान में डेयरी कर्मचारियों की दिवाली होगी शानदार, मिलेगा 20% बोनस और दिवाली गिफ्ट

रिकॉर्ड लाभ सहित आर्थिक एवं भौतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर बोनस की घोषणा

Published On

जयपुर, सच कहूँ न्यूज़। Jaipur News: राजस्थान कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (आरसीडीएफ) के कर्मचारियों को दीपावली पर 20 प्रतिशत की दर से बोनस दिया जाएगा। पिछले वित्तीय वर्ष में फेडरेशन द्वारा रिकॉर्ड लाभ अर्जित करने तथा आर्थिक एवं भौतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर आरसीडीएफ प्रबंधन ने यह निर्णय लिया है। बोनस की परिधि में नहीं आने वाले पात्र कर्मचारियों एवं अधिकारियों को 20 प्रतिशत की दर से एक्स-ग्रेशिया राशि दी जाएगी। इसके अतिरिक्त कर्मचारियों को दीपावली उपहार भी प्रदान किया जाएगा। इस घोषणा से राज्यभर के डेयरी कर्मचारियों में खुशी की लहर है। आरसीडीएफ मुख्यालय कर्मचारी संघ ने इस निर्णय के लिए फेडरेशन प्रबंधन का आभार व्यक्त किया है।

आरसीडीएफ की प्रबंध संचालक श्रुति भारद्वाज ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में फेडरेशन ने ₹400 करोड़ से अधिक का रिकॉर्ड लाभ अर्जित किया है। इस दौरान राज्यभर में दुग्ध संकलन एवं विपणन, पशु आहार के उत्पादन एवं विपणन तथा डेयरी संयंत्रों की उत्पादन क्षमता के उपयोग सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई।

उन्होंने बताया कि फेडरेशन की आर्थिक एवं भौतिक गतिविधियों में प्राप्त उत्कृष्ट परिणामों में कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके योगदान को प्रोत्साहित करने तथा दीपावली की खुशियाँ साझा करने के उद्देश्य से कर्मचारियों को 20 प्रतिशत की दर से बोनस देने का निर्णय लिया गया है। आरसीडीएफ मुख्यालय के साथ-साथ सभी पशु आहार संयंत्रों के पात्र कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलेगा।

प्रबंध संचालक श्रुति भारद्वाज ने प्रदेश के डेयरी कर्मचारियों को बोनस की बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि कर्मचारी इसी उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करते हुए चालू वित्तीय वर्ष में भी फेडरेशन के उत्कृष्ट प्रदर्शन को दोहराने तथा नई उपलब्धियाँ हासिल करने में योगदान देंगे।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts