शिक्षा और रोजगार
पैरा एशियन गेम्स में हरविंदर ने तीरंदाजी में जीते स्वर्ण और कांस्य पदक, चीका पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत
डीसी अपराजिता ने हरविंदर और उनके परिवार को दी बधाई, कहा—युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं उनकी उपलब्धियां
गुहला-चीका, सच कहूँ/सतिंदर कुमार)। Guhla Cheeka News: पैरा एशियन गेम्स में तीरंदाजी (आर्चरी) में शानदार प्रदर्शन करते हुए हरविंदर ने एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर डीसी अपराजिता ने हरविंदर और उनके परिवार को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि हरविंदर भविष्य में भी इसी तरह अपनी मेहनत और लगन से देश व प्रदेश का नाम रोशन करते रहें। डीसी अपराजिता ने युवाओं का आह्वान किया कि वे हरविंदर से प्रेरणा लेकर मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि हरविंदर की सफलता साबित करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से बड़ी से बड़ी चुनौती को पार किया जा सकता है।
पैरा एशियन गेम्स में दो पदक जीतकर चीका पहुंचे हरविंदर का भव्य स्वागत किया गया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर मौजूद लोगों ने कहा कि हरविंदर की सफलता मेहनत, लगन, आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति का बेहतरीन उदाहरण है। उनकी उपलब्धि विशेष रूप से दिव्यांग खिलाड़ियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
स्वागत समारोह में डॉ. सतनाम सिंह (एथलीट कोच), सचिन (आर्चरी कोच), नरेश (हॉकी कोच), अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग कोच गुरमीत सिंह, मेहताब सिंह डीपी तथा विक्रम पाबसर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। सभी ने हरविंदर को शानदार प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।हरविंदर की इस उपलब्धि ने गुहला-चीका क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। खेल प्रशिक्षकों ने उम्मीद जताई कि उनकी सफलता से अधिक से अधिक युवा खेलों के प्रति आकर्षित होंगे और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए पदक जीतने का लक्ष्य निर्धारित करेंगे। हरविंदर को एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतने पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं।

Comments