Rajya Sabha Elections: भाजपा ने इन दो राज्यों में उतारे अपने उम्मीदवार, इन दो नामों ने चौंकाया

उत्तराखंड से दिनेश आर्य व पश्चिम बंगाल से कोयल मल्लिक राज्यसभा उम्मीदवार

Published On

Rajya Sabha Elections: नई दिल्ली (सच कहूँ/एजेंसी)। भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा चुनाव 2026 को लेकर उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उत्तराखंड की द्विवार्षिक राज्यसभा सीट के लिए दिनेश आर्य और पश्चिम बंगाल की रिक्त सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए रुक्मिणी मल्लिक (कोयल मल्लिक) को मैदान में उतारा है।

दिनेश आर्य उत्तराखंड की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। वह राज्यस्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद में उपाध्यक्ष के पद पर रह चुके हैं। इसके अलावा वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनसंपर्क अधिकारी, भाजपा नैनीताल के पूर्व जिलाध्यक्ष और पार्टी के अनुसूचित मोर्चा में राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

वहीं, रुक्मिणी मल्लिक को फिल्म जगत में कोयल मल्लिक के नाम से जाना जाता है। वह बंगाली सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री होने के साथ राजनीति में भी सक्रिय रही हैं। वह तृणमूल कांग्रेस की ओर से राज्यसभा सांसद रह चुकी हैं। उनके इस्तीफे के बाद पश्चिम बंगाल की यह सीट खाली हुई, जिस पर अब उपचुनाव कराया जा रहा है।

राज्यसभा चुनाव के कार्यक्रम के मुताबिक उत्तर प्रदेश की 10 और उत्तराखंड की 1 सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव होंगे। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल की एक रिक्त सीट पर उपचुनाव होगा। तीनों राज्यों की संबंधित सीटों के लिए मतदान 16 अक्टूबर 2026 को कराया जाएगा। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की कुल 11 राज्यसभा सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल नवंबर 2026 में समाप्त होने वाला है। इसी वजह से इन सीटों पर नए सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई है। दूसरी ओर, पश्चिम बंगाल में रिक्त हुई सीट के लिए उपचुनाव कराया जा रहा है।

चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार उम्मीदवार 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। अगले दिन यानी 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवारों के पास नाम वापस लेने के लिए 9 अक्टूबर तक का समय रहेगा। 16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी। चुनाव से जुड़ी पूरी प्रक्रिया 19 अक्टूबर 2026 तक पूरी किए जाने का कार्यक्रम है।

इस चुनाव में मतदान को लेकर चुनाव आयोग ने एक विशेष व्यवस्था भी निर्धारित की है। मतपत्र पर वरीयता दर्ज करने के लिए मतदाताओं को केवल इंटीग्रेटेड वॉयलेट रंग के स्केच पेन का इस्तेमाल करना होगा। यह पेन मतदान के लिए रिटर्निंग ऑफिसर की ओर से उपलब्ध कराया जाएगा। किसी अन्य पेन से मतपत्र पर पसंद दर्ज करने की अनुमति नहीं होगी। आयोग के मुताबिक चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए पर्यवेक्षकों की तैनाती की जाएगी। साथ ही मतदान और मतगणना से जुड़ी पूरी प्रक्रिया पर निगरानी रखी जाएगी।

About The Author

Related Posts