शिक्षा और रोजगार
Amit Shah Punjab Visit: जालंधर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर, सुरक्षा चाक-चौबंद
पंजाब के जालंधर में आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बड़ी रैली
Amit Shah Punjab Visit: जालंधर (सच कहूँ/एजेंसी)। पंजाब में भारतीय जनता पार्टी की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ बुधवार को जालंधर में समाप्त होगी। यात्रा के समापन कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रैली को संबोधित करेंगे। 18 सितंबर से शुरू हुआ यह अभियान पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरा और चार यात्राओं ने मिलकर करीब 4,000 किलोमीटर का सफर तय किया।
जालंधर के परागपुर इलाके में रैली को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। जालंधर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर है, सुरक्षा चाक-चौबंद है। आयोजन स्थल पर विशाल पंडाल के साथ सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर भी काम किया गया है। रिपोर्टों के मुताबिक कार्यक्रम के लिए करीब 50 से 55 एकड़ क्षेत्र की व्यवस्था की गई है, जबकि बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के पहुंचने की संभावना है। पार्टी की ओर से लगभग 2,000 बसों के जालंधर पहुंचने की बात कही गई है।
चार यात्राओं के बाद जालंधर में समापन
भाजपा ने सितंबर में ‘नशा मुक्त पंजाब’ अभियान के तहत चार अलग-अलग यात्राएं शुरू की थीं। पहली यात्रा 18 सितंबर को पठानकोट के माधोपुर से शुरू हुई थी। इसके बाद अन्य यात्राएं फतेहगढ़ साहिब, फाजिल्का और तलवंडी साबो से रवाना हुईं। इन यात्राओं का उद्देश्य राज्य के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंच बनाना था। करीब 4,000 किलोमीटर की यात्रा पूरी करने के बाद चारों यात्राएं जालंधर में एक साथ पहुंच रही हैं। समापन रैली में अमित शाह भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करेंगे।
पंजाब की राजनीति में नशे का मुद्दा
यह अभियान ऐसे समय में हुआ है जब पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। भाजपा ने नशे के मुद्दे को अपने राजनीतिक अभियान में प्रमुखता दी है और राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए हैं। दूसरी ओर, सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी से जुड़े नेताओं ने भाजपा के अभियान की आलोचना की है। इस तरह जालंधर की रैली केवल यात्रा के औपचारिक समापन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पंजाब में नशे के मुद्दे को लेकर चल रही राजनीतिक बहस के बीच आयोजित हो रही है।