Compound Archery Asian Games: भारत का सातवां गोल्ड मेडल, महिला कंपाउंड आर्चरी टीम को बधाइयों का तांता

राष्ट्रपति, रक्षा मंत्री व खेल मंत्री सहित अन्य नेताओं ने दी महिला कंपाउंड आर्चरी टीम को बधाई

Published On

Compound Archery Asian Games: नई दिल्ली (सच कहूँ/एजेंसी)। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारत ने प्रतियोगिता में अपना सातवां स्वर्ण पदक हासिल कर लिया है। महिला कंपाउंड आर्चरी टीम ने चीन को रोमांचक मुकाबले में 238-234 के अंतर से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

ओकाजाकी चुओ सोगो पार्क मल्टीपर्पस स्क्वायर में हुए इस मुकाबले में चिकिथा तनिपार्थी, पृथिका प्रदीप और ज्योति सुरेखा वेन्नम की भारतीय तिकड़ी ने बेहतरीन निशानेबाजी का प्रदर्शन किया। टीम ने शानदार स्कोर के साथ विश्व रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

देशभर से मिली बधाइयां

भारतीय महिला कंपाउंड टीम की इस उपलब्धि के बाद देशभर से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने खिलाड़ियों को उनकी सफलता पर शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने खिलाड़ियों की सटीकता, धैर्य और टीमवर्क की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि ने देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह सफलता तीनों खिलाड़ियों को भविष्य में और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी भारतीय तीरंदाजी टीम की इस जीत को शानदार उपलब्धि बताया। उन्होंने ज्योति सुरेखा वेन्नम, पृथिका प्रदीप और चिकिथा तनिपार्थी के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए उन्हें आगे के लिए शुभकामनाएं दीं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी भारतीय टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि महिला कंपाउंड टीम ने चीन को 238-234 से हराकर अपने खिताब का शानदार बचाव किया और विश्व रिकॉर्ड स्कोर की बराबरी की।

केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भारतीय तिकड़ी के प्रदर्शन को सटीकता और कौशल का शानदार उदाहरण बताया। वहीं, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी तीनों तीरंदाजों को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी।

भारत के पदकों की संख्या 53 पहुंची

महिला कंपाउंड आर्चरी टीम के गोल्ड मेडल के साथ एशियन गेम्स 2026 में भारत के कुल पदकों की संख्या 53 हो गई है। भारत के खाते में अब तक 7 स्वर्ण, 21 रजत और 25 कांस्य पदक शामिल हैं।

About The Author

Related Posts