Bulldozer Action: गांव नसीबपुरा में नशेड़ियों का अड्डा बनी बिल्डिंग पर चला पीला पंजा
पुलिस और सिविल प्रशासन ने की संयुक्त कार्रवाई
बठिंडा, सच कहूँ न्यूज। Bathinda News: पंजाब सरकार की ओर से नशों के खात्मे के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ के तहत बठिंडा पुलिस द्वारा नशा तस्करों और नशे के सेवन के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले स्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में बठिंडा पुलिस ने इलाके में जांच अभियान चलाया और नशे के सेवन के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले स्थानों की पहचान कर सिविल प्रशासन के सहयोग से कार्रवाई की। इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी तलवंडी साबो जसजोत सिंह ने बताया कि गांव नसीबपुरा के बीच स्थित एक इमारत का इस्तेमाल कुछ लोगों द्वारा नशे के सेवन के लिए किया जा रहा था।
इसकी जानकारी मिलने पर बठिंडा पुलिस ने मामले की जांच की और सिविल प्रशासन के अधिकारियों के साथ तालमेल करके संयुक्त कार्रवाई की। इस दौरान उक्त इमारत को ढहा दिया गया। उन्होंने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर चुनौती है और इसके खात्मे के लिए पुलिस किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतेगी। नशे की सप्लाई करने वालों के साथ-साथ नशे के सेवन के लिए जगह उपलब्ध करवाने वालों के खिलाफ भी नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Comments