40 लाख की धोखाधड़ी का आरोपी दिल्ली से गिरफ्तार
जमीन के सौदे में 40 लाख की कथित धोखाधड़ी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
अंबाला (सच कहूँ न्यूज)। Ambala News: साहा थाना पुलिस ने जमीन के सौदे में करीब 40 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिल्ली निवासी जगदीश अरोड़ा के रूप में हुई है। आरोपी को अदालत से एक दिन की पुलिस रिमांड पर लेने के बाद दोबारा कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई महेश नगर निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर दर्ज मामले के बाद की गई है। अंबाला छावनी के महेश नगर निवासी शिकायतकर्ता जितेंद्र सिंह ने 13 जनवरी को साहा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जगदीश अरोड़ा और उसके साथियों ने वर्ष 2019 से 2023 के बीच साहा क्षेत्र के गांव दीनारपुर में दो कनाल जमीन का इकरारनामा किया था। शिकायतकर्ता से कथित तौर पर लगभग 40 लाख रुपये लेने के बाद भी आरोपियों ने जमीन की रजिस्ट्री उनके नाम नहीं कराई। आरोप है कि मुख्य आरोपी ने बाद में इस जमीन की रजिस्ट्री अपनी पत्नी के नाम करवा दी और पैसे लौटाने से भी इनकार कर दिया। मुख्य आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में है और मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
