पंजाब पुलिस ने एक माह में 7,402 जब्त वाहनों के मामले निपटाए

वाहनों की सघन जांच और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी: पुलिस महानिदेशक

Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। Chandigarh News: पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद राज्य पुलिस ने प्रदेश के पुलिस थानों में लंबे समय से खड़े लावारिस एवं जब्त वाहनों के निपटान के लिए चलाए गए विशेष अभियान के तहत पिछले एक महीने में 7,402 वाहनों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि अभियान शुरु होने से पहले राज्यभर के पुलिस थानों में कुल 55,721 वाहन पुलिस अभिरक्षा में थे। इसी दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत पिछले एक महीने में 3,355 और वाहन जब्त किए गए। इस तरह कुल संख्या 59,076 तक पहुंच गई थी, लेकिन 7,402 वाहनों के निस्तारण के बाद अब पुलिस हिरासत में वाहनों की संख्या घटकर 51,674 रह गई है।

यादव ने कहा कि राज्यभर में वाहनों की सघन जांच और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी के साथ कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए जब्त वाहनों के निस्तारण का कार्य भी तेज गति से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एनडीपीएस एक्ट की धारा 52ए के तहत आने वाले मामलों को छोड़कर 8,121 वाहनों से संबंधित आवेदन कानूनी जांच के अधीन हैं। एनडीपीएस एक्ट की धारा 52ए के तहत 1,276 मामलों में इन्वेंटरी और फोटोग्राफी के कानूनी सत्यापन की प्रक्रिया लंबित है। वाहनों के निस्तारण में जालंधर पुलिस कमिश्नरेट सबसे आगे रहा, जहां पुलिस अभिरक्षा में मौजूद 5,993 वाहनों में से 779 का निस्तारण किया गया। इसके अलावा मोगा में 697, बठिंडा में 631, फिरोजपुर में 586, लुधियाना (ग्रामीण) में 538, लुधियाना कमिश्नरेट में 460, तरनतारन में 302 तथा फाजिल्का में 283 वाहनों का निपटान किया गया।

विशेष डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) प्रवीण कुमार सिन्हा ने कहा कि पंजाब पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ कानूनी प्रक्रियाओं को भी समयबद्ध तरीके से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आने वाले महीनों में पुलिस कानूनी प्रावधानों का पालन करते हुए पुलिस अभिरक्षा में खड़े वाहनों की रिहाई और निस्तारण की प्रक्रिया को और तेज करेगी। 

 

Chandigarh News

About The Author

Related Posts