PACS Bank Scam: पैक्स बैंक में 76 लाख के गबन का खुलासा, तीन प्रबंधकों पर केस दर्ज
राशि वसूलकर कैश बुक में नहीं चढ़ाई, एक प्रबंधक ने 75 हजार निजी खाते में किए ट्रांसफर
PACS Bank Scam: फतेहाबाद (सच कहूँ/विनोद शर्मा)। फतेहाबाद जिले के गांव अयाल्की स्थित दी अयाल्की बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि सहकारी समिति लिमिटेड (पैक्स) में रिकॉर्ड में कथित हेराफेरी कर लगभग 76 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री उड़न दस्ते, हिसार की छापेमारी और जांच के बाद टोहाना सर्कल के विकास अधिकारी की शिकायत पर थाना सदर फतेहाबाद में तीन प्रबंधकों सहित अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। Fatehabad News
पुलिस के अनुसार मुख्यमंत्री उड़न दस्ते को सूचना मिली थी कि पैक्स बैंक में रिकॉर्ड और कैश बुक में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां की जा रही हैं। इसके बाद उप निरीक्षक जितेंद्र सिंह और राजेश कुमार के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने विकास अधिकारी सुरेश कुमार तथा सहकारी समितियों के निरीक्षक दौलत राम के साथ बैंक के अभिलेखों की जांच की। जांच के दौरान कुल 61 गंभीर वित्तीय अनियमितताएं सामने आईं।
छह वर्षों तक चलता रहा खेल
जांच रिपोर्ट के अनुसार जनवरी 2020 से मार्च 2026 के बीच कैश बुक और बैंक रिकॉर्ड में कथित हेराफेरी कर राशि का गबन किया गया। आरोप है कि बैंक में राशि जमा दिखाने के लिए फर्जी एंट्री की गईं, जबकि वास्तविक रूप से पैसा जमा नहीं कराया गया। कई मामलों में ऋण वसूली और अन्य मदों से प्राप्त रकम का पूरा हिसाब कैश बुक में दर्ज नहीं किया गया। शिकायत में यह भी आरोप है कि एक मामले में तत्कालीन प्रबंधक ने 75 हजार रुपये बैंक खाते में जमा कराने के बजाय अपने निजी खाते में स्थानांतरित कर दिए। ब्याज की राशि हड़पने के लिए रसीद पुस्तिका में तिथियों में भी कथित बदलाव किए गए। Fatehabad News
ऑडिटर भी जांच के घेरे में
शिकायत के आधार पर निलंबित पैक्स प्रबंधक सूबे सिंह, तत्कालीन प्रबंधक राजबीर सिंह और वर्तमान प्रबंधक बलवंत सिंह को नामजद किया गया है। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि वर्ष 2020 से 2025 तक बैंक का नियमित आॅडिट होने के बावजूद कथित गबन सामने नहीं आया। ऐसे में संबंधित आॅडिटरों, बैंक अधिकारियों और निरीक्षण टीम की भूमिका की भी जांच की जा रही है। थाना सदर फतेहाबाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2), 318(4) और 61 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने रिकॉर्ड कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। मामले में आरोपों की पुष्टि और संभावित गिरफ्तारी को लेकर जांच जारी है। Fatehabad News