Haryana Electric Buses: सीएम ने 80 नई इलेक्ट्रिक सिटी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, अब इलेक्ट्रिक बसों में भी चलेगा बस पास

डीजल-पेट्रोल पर निर्भरता घटाने की तैयारी, हरियाणा की सड़कों पर दौड़ेंगी ई-बसें

Sarvesh Kumar Picture
Published On

चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। Haryana Electric Buses: प्रदेश में ग्रीन ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को पानीपत में इलेक्ट्रिक बस डिपो का उद्घाटन किया और 80 नई इलेक्ट्रिक सिटी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पानीपत की ऐतिहासिक धरती से हरियाणा में स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था के नए दौर की शुरूआत हुई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि रवाना की गई बसों में पानीपत के लिए 40, यमुनानगर के लिए 15, कुरुक्षेत्र और सोनीपत के लिए 10-10 तथा पंचकूला के लिए 5 बसें शामिल हैं। 

उन्होंने जानकारी दी कि पानीपत में करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो तैयार किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों में भी नए इलेक्ट्रिक बस डिपो बनाए जा रहे हैं, जहां आधुनिक चार्जिंग सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है और हरियाणा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ग्रीन इंडिया और सस्टेनेबल डेवलपमेंट के विजन को आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से पेट्रोल और डीजल पर निर्भरता कम होगी, प्रदूषण घटेगा और यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक तथा आधुनिक यात्रा सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि सरकार बसों को रेलवे की तर्ज पर ट्रैकिंग सिस्टम से जोड़ने की दिशा में भी काम कर रही है। इससे यात्री मोबाइल ऐप के माध्यम से बसों की लोकेशन और आगमन समय की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

अब प्रदेश में दौड़ रही कुल 155 बसें

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के हर जिले और शहर में अधिक से अधिक इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। वर्तमान में 10 बड़े शहरों में सिटी बस सेवा संचालित हो रही है। पहले से चल रही 75 ई-बसों के साथ अब 80 नई बसें जुड़ने से कुल संख्या 155 हो गई है। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के लिए भी बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश की इलेक्ट्रिक बसों में विद्यार्थियों को बस-पास सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा रोडवेज पहले से ही वृद्धजनों, दिव्यांगों, स्वतंत्रता सेनानियों, कैंसर पीड़ितों और विद्यार्थियों सहित 39 श्रेणियों को मुफ्त अथवा रियायती यात्रा सुविधा प्रदान कर रहा है।

Haryana Electric Buses

About The Author

Ad Ad

Related Posts