ठेके पर दी जमीन को लेकर धोखाधड़ी का मामला दर्ज

फसल काटने से रोकने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप

Manmohan Picture
Published On

हनुमानगढ़। कृषि भूमि ठेके पर देने के नाम पर लाखों रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर तलवाड़ा झील थाना पुलिस ने दो महिलाओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार नाईवाला निवासी राजेन्द्र कुमार पुत्र साहबराम कुम्हार ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट टिब्बी न्यायालय में परिवाद पेश किया। Hanumangarh News

परिवाद में राजेन्द्र कुमार ने बताया कि उसकी पहचान 20 एसएसडब्ल्यू निवासी सुभाष पुत्र लालाराम उर्फ लालचंद से थी। सुभाष ने उसे बताया कि चक 4 आरपी और 6 आरपी क्षेत्र में स्थित भूमि की काश्त करने वाली महिलाएं जमीन ठेके पर देना चाहती हैं। परिवादी के अनुसार इसके बाद उसकी मुलाकात मीरा देवी पत्नी नत्थूराम और सुनीता देवी पुत्री स्वर्गीय नत्थूराम से हुई।

दोनों ने बताया कि उनके परिवार की करीब 100 बीघा भूमि है, जिसमें से पारिवारिक बंटवारे के तहत उन्हें 65 बीघा भूमि मिली हुई है और वे इसे ठेके पर देना चाहती हैं। राजेन्द्र कुमार ने आरोप लगाया कि उसने उक्त भूमि 15 अप्रैल 2025 से 15 अप्रैल 2026 तक 17 हजार रुपए प्रति बीघा के हिसाब से एक वर्ष के लिए ठेके पर ली। इसके एवज में उसने बैंक और नकद माध्यम से लाखों रुपए आरोपियों को दिए तथा भूमि का कब्जा भी उसे सौंप दिया गया। Hanumangarh News

इसके बाद उसने अपने सह-काश्तकारों के साथ जमीन में गेहूं और सरसों की फसल बोई। फसल बोने के बाद से ही आरोपी महिलाएं उसे परेशान करने लगीं और फसल नहीं काटने देने की धमकियां देने लगीं। मामले को लेकर पंचायत भी हुई, जिसमें आरोपियों ने भविष्य में कोई बाधा नहीं डालने का आश्वासन दिया, लेकिन बाद में फिर से धमकियां देना शुरू कर दिया।

परिवादी ने आरोप लगाया कि 23 फरवरी 2026 को जब वह अपने साथियों के साथ खेत में पानी लगाने गया तो आरोपियों ने गाली-गलौज की और झूठे एससीएसटी तथा लज्जा भंग के मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। साथ ही कहा कि उन्होंने रुपए ठगने के उद्देश्य से ही यह सौदा किया था और न तो फसल काटने देंगे और न ही रुपए लौटाएंगे। राजेन्द्र कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि सिंचाई और देखरेख नहीं होने से उसकी गेहूं और सरसों की फसल खराब हो रही है। न्यायालय के आदेश पर तलवाड़ा झील थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच एएसआई अजीत सिंह को सौंपी है। Hanumangarh News

About The Author