पहले ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश, फिर घर में घुसकर चाकू से हमला
गोलूवाला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
हनुमानगढ़। जिले के गोलूवाला थाना क्षेत्र के चक 3 एचडीपी में एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने पहले ट्रैक्टर से कुचलने की कोशिश की और बाद में घर में घुसकर लाठी व चाकू से हमला कर दिया। गोलूवाला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News
पुलिस के अनुसार वार्ड नम्बर 11, चक 3 एचडीपी निवासी 73 वर्षीय नत्थूराम पुत्र गोपालराम जाट ने गोलूवाला थाने में रिपोर्ट दी कि उसका भाई जगदीश कुछ दिन पहले घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान आरोपी राजेश कुमार पुत्र हरीराम कुम्हार निवासी चक 3 एचडीपी वहां फिटर रेहड़ा लेकर आया और बिना किसी बात के जगदीश को वाहन से कुचलने का प्रयास किया। जगदीश घर में घुसकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। रिपोर्ट में बताया गया कि 26 मई को सुबह करीब 10 बजे जगदीश मनरेगा कार्यस्थल पर काम कर रहा था।
आरोप है कि वहां आरोपी राजेश कुमार ने कस्सी से हमला करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद अन्य श्रमिकों ने बीच-बचाव कर उसे बचा लिया। परिवादी के अनुसार उसी दिन रात करीब 9 बजे आरोपी राजेश कुमार मोटर साइकिल पर लाठी और चाकू लेकर जगदीश के घर पहुंचा और घर में घुसकर हमला कर दिया। इस दौरान आरोपी ने नत्थूराम के सिर पर लाठी से वार किया। शोर सुनकर जब जगदीश बचाव के लिए आया तो आरोपी ने उसके पेट पर चाकू से वार कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना के दौरान सतपाल पुत्र रामस्वरूप मेघवाल, विजय पुत्र जीतराम मेघवाल तथा अन्य पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर घायल को छुड़वाया। इसके बाद परिजन घायल जगदीश को सरकारी अस्पताल गोलूवाला लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर हालत होने पर उसे हनुमानगढ़ टाउन रेफर कर दिया गया। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि घटना के बाद आरोपी ने सोशल मीडिया पर व्हाट्सएप स्टेटस लगाकर गवाहों को जान से मारने की धमकी दी। गोलूवाला थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच एएसआई श्रीभगवान को सौंपी है। Hanumangarh News