महिला ने सल्फास खाकर दी जान, बहू पर प्रताड़ना का आरोप

पति, सास-ससुर को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देने का आरोप

Manmohan Picture
Published On

हनुमानगढ़। पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला की ओर से कथित रूप से सल्फास खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने का मामला सामने आया है। मृतका के पति ने अपनी बहू, उसके माता-पिता पर प्रताड़ना एवं उकसाने के आरोप लगाते हुए टाउन पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। Hanumangarh News

मृतका का शव मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार वार्ड नम्बर 34, एफसीआई रोड, गंगा विहार, टाउन निवासी जगदीश चुघ (62) पुत्र मूलचंद अरोड़ा ने रिपोर्ट दी कि उसके पुत्र गगनदीप का विवाह करीब आठ वर्ष पूर्व संगरिया निवासी काजल चुघ पुत्री यादवेन्द्र मक्कड़ के साथ हुआ था।

रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि विवाह के बाद से ही काजल परिवार को झूठे दहेज मामलों में फंसाने तथा आत्महत्या कर पूरे परिवार को जेल भिजवाने की धमकियां देती थी। परिवादी ने आरोप लगाया कि काजल के इस व्यवहार में उसके पिता यादवेन्द्र एवं माता सुषमा भी सहयोग करते थे। परिवादी के अनुसार काजल परिवार की दुकान की आय अपने पास रखती थी तथा परिवार की संपत्ति अपने नाम करवाने को लेकर आए दिन घर में विवाद करती थी। Hanumangarh News

इस संबंध में कई बार पंचायतें भी हो चुकी थीं। रिपोर्ट में बताया गया कि 24 मई को सुबह से ही संपत्ति अपने नाम करवाने की बात को लेकर घर में विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान काजल ने परिवादी की पत्नी के साथ धक्का-मुक्की की तथा गाली-गलौज और धमकियां दीं। बताया गया कि घटना के बाद परिवादी की पत्नी भयभीत होकर अपने कमरे में चली गई और कथित रूप से सल्फास की गोलियां खा लीं।

परिजन उन्हें उपचार के लिए राजकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर काजल, उसके पिता यादवेन्द्र तथा माता सुषमा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप संबंधी धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एसआई रामकेर कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts