Punjab
Rural Handball Tournament: ग्रामीण हैंडबॉल प्रतियोगिता में लालगढ़ जाटान बनी विजेता, सिरसा उपविजेता
राजस्थान, पंजाब और हरियाणा की टीमों ने दिखाया दमखम
Rural Handball Tournament: हनुमानगढ़/सरसा (सच कहूँ न्यूज़)। बनवारी लाल राबिया की स्मृति में गांव पक्का सहारणा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित प्रथम शुद्ध ग्रामीण हैंडबॉल प्रतियोगिता का समापन मंगलवार को समारोहपूर्वक हुआ। प्रतियोगिता में राजस्थान, पंजाब एवं हरियाणा की टीमों ने हिस्सा लेकर खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। Hanumangarh News
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा, जिसमें लालगढ़ जाटान की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि सिरसा (हरियाणा) की टीम उपविजेता रही। विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, स्मृति चिन्ह और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि जिला युवा अधिकारी प्रीति ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को नई दिशा देने का कार्य करती हैं।
खेल केवल शारीरिक विकास तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और भाईचारे की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने सीमित संसाधनों में इतने बड़े आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना की। कार्यक्रम अध्यक्ष जिला युवा कार्यक्रम सलाहकार समिति सदस्य एवं क्रीड़ा भारती के जिला संयोजक दलीप वर्मा ने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं में अपार क्षमता होती है, जरूरत केवल उन्हें उचित मंच देने की है। उन्होंने कहा कि बनवारी लाल राबिया की स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता भविष्य में क्षेत्र की पहचान बनेगी।
साथ ही युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने का आह्वान किया। पंचायत समिति प्रधान प्रतिनिधि दयाराम जाखड़ ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए खेल सबसे बेहतर मंच है, जो उन्हें नई दिशा प्रदान करता है। विशिष्ट अतिथि पक्का सहारणा ग्राम पंचायत प्रशासक त्रिलोक राम सहारण एवं भाखड़ा प्रोजेक्ट चेयरमैन विजय सिंह जांगू ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन समिति की सराहना की। आयोजन को सफल बनाने में सार्दुल ज्याणी, कृष्ण कामड़, कुलदीप महला, दीपू राबिया और महेंद्र स्वामी का विशेष योगदान रहा। वहीं आजाद युवा मंडल पक्का सहारणा की टीम ने पूरे आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। Hanumangarh News
About The Author