Punjab Municipal Elections: पंजाब नगर निगम चुनाव कल, 36 लाख 72 हजार वोटर करेंगे मताधिकार का प्रयोग
चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के लिए 35 हजार पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। Punjab Municipal Elections: पंजाब में नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों के लिए मतदान कल 26 मई को होने जा रहा है, जबकि 29 मई को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। कल पूरे प्रदेश में 8 नगर निगमों, 75 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों में 36 लाख 72 हजार 932 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए अपने वार्ड के एम.सी. का चुनाव करेंगे। इनमें 18 लाख से अधिक पुरुष, 17 लाख से अधिक महिलाएं और 226 अन्य मतदाता शामिल हैं।
बठिंडा, अबोहर, बटाला, बरनाला, कपूरथला, मोगा, पठानकोट और मोहाली में नगर निगम चुनाव राजनीतिक रुप से बेहद अह्म बन गए हैं। बरनाला में पहली बार नगर निगम चुनाव हो रहे हैं। पंजाब भर में सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। शाम 5 बजे तक जो भी मतदाता मतदान केंद्र के अंदर प्रवेश कर जाएगा, उसे वोट डालने का अवसर दिया जाएगा, जबकि शाम 5 बजे के बाद मतदान केंद्र के गेट बंद कर दिए जाएंगे और किसी को भी अंदर आने की अनुमति नहीं होगी। इन चुनावों को सभी राजनीतिक दलों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इन्हें 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक सेमीफाइनल के रुप में देखा जा रहा है।
इधर, आज की चुनाव प्रक्रिया के लिए राज्य चुनाव आयोग और जिला प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा मतदान सामग्री हर बूथ तक पहुंचा दी गई है। पूरे प्रदेश में 3 हजार 977 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं और लगभग 36 हजार कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 35 हजार 500 पुलिसकर्मी और होमगार्ड कर्मचारी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। प्रत्येक पोलिंग बूथ पर पांच कर्मचारी तैनात किए जाएंगे, जबकि वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को भी निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस बार मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जाएगा।
बैलेट पेपर से चुनाव करवाने के मामले में पहले हाईकोर्ट और अब सुप्रीम कोर्ट ने भी हरी झंडी दे दी है। दोनों उच्च अदालतों ने चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने से साफ इनकार कर दिया है। सुरक्षा के मद्देनजर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद सभी पोलिंग बूथों के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे तथा चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए रिकॉर्डिंग को कम से कम एक वर्ष तक सुरक्षित रखा जाएगा। इन शहरी चुनावों के लिए 10 हजार 809 नामांकन दाखिल किए गए थे, लेकिन नाम वापसी के बाद अब 7 हजार 555 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। आम आदमी पार्टी (आप) के सबसे अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि कांग्रेस, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने भी पूरी ताकत के साथ अपने उम्मीदवार उतारे हैं।
चुनाव के लिए समय बढ़ाने की मांग
शिरोमणि अकाली दल ने गर्मी को देखते हुए मतदान का समय बढ़ाने की मांग की है। पार्टी के जनरल सचिव डॉ. दलजीत चीमा का कहना है कि यदि मतदान का समय बढ़ाया जाता है तो मतदान प्रतिशत में और वृद्धि हो सकती है। दलजीत चीमा ने मतदान का समय सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे की बजाय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक करने की मांग की है।
About The Author