फतेहाबाद पुलिस का बड़ा एक्शन: नशा तस्करों पर शिकंजा, अवैध संपत्तियां फ्रीज
पुलिस सात तस्करों की लगभग 1.75 करोड़ रुपये की अवैध संपत्तियों पर कस चुकी शिकंजा
फतेहाबाद (सच कहूँ/विनोद कुमार शर्मा)। Fatehabad News: फतेहाबाद पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कुख्यात तस्करों की 23 लाख रुपये से अधिक की अवैध संपत्तियां फ्रीज की हैं, जिनकी वर्तमान बाजार कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस अब तक सात तस्करों की लगभग 1.75 करोड़ रुपये की अवैध संपत्तियों पर कानूनी शिकंजा कस चुकी है। एसपी निकिता खट्टर के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई एएसपी दिव्याशीं सिंगला की निगरानी में की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि नशा कारोबार से अर्जित अवैध संपत्तियों पर भी कार्रवाई की जा रही है। सीआईए फतेहाबाद ने ढाणी ढाबी खुर्द निवासी विकास के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसका 7 कनाल में बना रिहायशी मकान फ्रीज किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16.60 लाख रुपये है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के कई मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं महमड़ा चौकी पुलिस ने हेतराम उर्फ हेतु की एक स्विफ्ट कार, एक रिट्ज कार और एक मोटरसाइकिल फ्रीज की है। इन वाहनों की कुल कीमत करीब 6.10 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।
जीरो टॉलरेंस नीति के तहत पुलिस कर रही कार्रवाई: एएसपी
इसी बीच पुलिस ने एक ही दिन में नशा तस्करी के खिलाफ दो कार्रवाइयों को अंजाम दिया। सीआईए टोहाना ने ट्रक में केले के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 40 किलो 600 ग्राम कचरा डोडा पोस्त बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है। दूसरी ओर एएनसी सेल फतेहाबाद ने रतिया-बुढलाडा रोड पर नाकाबंदी के दौरान 101 ग्राम हेरोइन सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्कोडा रैपिड कार भी बरामद की है। अब इन संपत्तियों को बिना अनुमति बेचा या हस्तांतरित नहीं किया जा सकेगा। एएसपी दिव्याशीं सिंगला ने कहा कि फतेहाबाद पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और आने वाले समय में ऐसी कार्रवाई और तेज की जाएगी।
