मुख्य बाजार में अतिक्रमण हटाने पहुंची नगर पालिका टीम, दुकानदारों ने किया विरोध
नालों व मुख्य बाजार में अतिक्रमण हटाने को लेकर हंगामा
खरखौदा (सच कहूँ न्यूज़)। Kharkhoda News: सोमवार को शहर के मुख्य बाजार में नगर पालिका सचिव मनीष रेढू के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया। कार्रवाई के दौरान बाजार के दुकानदारों ने विरोध जताते हुए हंगामा कर दिया, जिसके चलते कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। बाद में नगर पालिका सचिव ने हालात को देखते हुए कार्रवाई को रोकते हुए सभी दुकानदारों को नगर पालिका कार्यालय में बैठक के लिए बुलाया है। मुख्य बाजार में पिछले करीब दो वर्षों से एक दुकानदार गंदे पानी की निकासी की समस्या से परेशान था।
दुकानदार का कहना था कि बाजार में बने नाले ओवरफ्लो होने के कारण उसकी दुकान के आगे पानी जमा हो जाता है, जिससे ग्राहकों और राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। बताया गया कि नालों के ऊपर कई दुकानदारों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया था, जिसके कारण सफाई कर्मचारियों को नालों की नियमित सफाई करने में दिक्कत आ रही थी। इसी समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका द्वारा नालों के ऊपर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। नगर पालिका की टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से अवैध निर्माण हटाने शुरू किए तो कुछ दुकानदारों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया।
कुछ लोगों ने निजी फायदे के चलते सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन से एक दुकान का शटर भी क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके बाद दुकानदारों में रोष फैल गया और सभी दुकानदार मौके पर इकट्ठा हो गए। बढ़ते विरोध को देखते हुए नगर पालिका सचिव ने कार्रवाई को अस्थायी रूप से रोक दिया। नगर पालिका सचिव ने कहा कि बाजार की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना जरूरी है। यदि नालों पर किया गया अतिक्रमण नहीं हटेगा तो उनकी सफाई संभव नहीं होगी और गंदे पानी की समस्या लगातार बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि दुकानदारों के साथ बैठक कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

About The Author