जल संकट झेल रहे चंदाना गेट के लोग, फूटा गुस्सा, नारेबाजी

लोगों ने जड़े आरोप, बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन उनकी समस्या की ओर नहीं दे रहा ध्यान 

Published On

कैथल (सच कहूँ न्यूज)। Kaithal News: जेठ की भीषण गर्मी में चंदाना गेट क्षेत्र के लोग पिछले तीन महीनों से पानी की भारी किल्लत झेल रहे हैं। शहर के चंदाना गेट क्षेत्र में पिछले लगभग तीन महीनों से गहराए पेयजल संकट को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पानी की गंभीर समस्या से परेशान मोहल्लावासियों ने बुधवार को पब्लिक हेल्थ विभाग कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।  लोगों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन उनकी समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहा। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इलाके में पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप पड़ी है।

गर्मी के इस मौसम में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सबमर्सिबल और ट्यूबवेल भी बंद पड़े हैं, लेकिन विभाग के अधिकारी कार्यालयों में बैठकर सिर्फ खानापूर्ति कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि यदि किसी पॉश इलाके में ऐसी समस्या होती तो प्रशासन तुरंत कार्रवाई करता, लेकिन गरीब बस्तियों की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। यह भी कहा कि क्षेत्र में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की निगरानी नहीं हो रही और कई जगह ट्यूबवेल घंटों बंद पड़े रहते हैं।

स्थिति को गंभीर होता देख विभाग के एसडीओ मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत की। इस दौरान क्षेत्र में नया ट्यूबवेल लगाने और मशीन मंगवाने पर सहमति बनी। अधिकारियों ने स्थानीय प्रतिनिधियों से जगह दिखाने और आवश्यक अनुमति प्रक्रिया पूरी करने को कहा।

Kaithal News
Kaithal News: पब्लिक हेल्थ विभाग में पहुंचकर नारेबाजी करते हुए चंदाना गेट निवासी। 


About The Author

Related Posts