कूलर लगाकर ठंडे किये जा रहे बिजलीघर के ट्रांसफार्मर
भीषण गर्मी में बिजली विभाग अलर्ट
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana: क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी आमजन के साथ-साथ विद्युत विभाग का भी खूब पसीना निकाल रही है। प्रदेशभर में विद्युत विभाग के अधिकारी व कर्मचारी निर्बाध बिजली आपूर्ति हेतु दिन-रात लगे हुए है। उत्तर-प्रदेश में बिजली आपूर्ति 32 हजार मेगावाट पर पहुंच चुकी है, जिसकी पुष्टि प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने स्वयं सोशल मीडिया साइट एक्स पर रविवार को पोस्ट करके की है। उन्होंने महकमें के आला अधिकारियों व कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी व मुस्तैदी के साथ में अपनी ड्यूटी करने के निर्देश दिए है।
ऊर्जामंत्री के निर्देशों का असर कैराना में भी देखने को मिल रहा है। कस्बे के 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र देवीमन्दिर पर नगर की आपूर्ति के लिए रखे गए ट्रांसफॉर्मरों को ठंडा रखने के लिए कूलर लगाए गए है। उपकेंद्र प्रभारी अवर अभियंता अजय शर्मा ने बताया कि कस्बे में निर्बाध बिजली आपूर्ति हेतु पूरी टीम लगी हुई है। कस्बे की विद्युत आपूर्ति हेतु बिजलीघर पर 10-10 एमवीए के दो ट्रांसफॉर्मर रखे हुए है, जिनसे रोस्टर के हिसाब से बिजली आपूर्ति की जा रही है। क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी एवं बिजली खपत के मद्देनजर दोनों ट्रांसफार्मरों को ठंडा रखने के लिए कूलर लगाए गए है। इसके अलावा, फॉल्ट अथवा ब्रेक डाउन की स्थिति से निपटने के लिए भी उच्चाधिकारियों के निर्देशों का निरंतर पालन किया जा रहा है।
3.jpg)
About The Author